भोपाल में हॉस्टल भोजन में कीड़े और मरी छिपकली मिलने की घटनाओं के बाद खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। कलेक्टर के निर्देश पर स्कूलों, कॉलेजों और हॉस्टलों की मेस-कैंटीन की जांच के लिए छह अधिकारियों की दो टीमें गठित की गई हैं। औचक निरीक्षण चल रहा है और लापरवाही पर कार्रवाई होगी।
भोपाल में विद्यार्थियों के खान-पान की गुणवत्ता को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है। अक्टूबर में दो गंभीर घटनाओं के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने शहर के स्कूलों, कॉलेजों और हॉस्टलों की मेस व कैंटीनों की व्यापक जांच शुरू की है। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देशों पर यह अभियान चलाया जा रहा है, पंचशील नगर स्थित अनुसूचित जाति कन्या कॉलेज के हॉस्टल में भोजन में कीड़े मिलने पर हंगामा हुआ था। दूसरी घटना मुगालिया छाप स्थित श्रमोदय आवासीय विद्यालय के बॉयज हॉस्टल की थी, जहां आलू की सब्जी में मरी हुई छिपकली निकली। इससे करीब 13 विद्यार्थियों की तबीयत बिगड़ी और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
दो विशेष टीमें गठित
खाद्य सुरक्षा विभाग ने छह अधिकारियों को दो टीमों में बांटा है। पहली टीम में जेपी तवंशी, वर्षा व्यास और अर्चना प्रमाकर शामिल हैं। दूसरी टीम की जिम्मेदारी जगदीश विश्वकर्मा, साधना सक्सेना और पूजा शाक्य को दी गई है, ये टीमें स्कूल-कॉलेज और हॉस्टलों के भोजनालयों, कैंटीनों व मेस की औचक जांच कर रही हैं। तैयार भोजन के साथ कच्ची और पक्की सामग्री के भंडारण की भी जांच हो रही है। खाने-पीने की चीजों को चूहों, कीटों और संदूषण से बचाने के इंतजाम देखे जा रहे हैं। भोजन के नमूने एकत्र कर लैब में भेजे जा रहे हैं।
लापरवाही पर सख्त कार्रवाई
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मानकों में कोई कमी पाई गई तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत संबंधित संस्थान के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अभियान का दायरा सभी आवासीय परिसरों और हॉस्टलों तक बढ़ाया गया है।







