नीलबड़ के मुगालिया छाप स्थित शासकीय श्रमोदय आवासीय विद्यालय में बच्चों के भोजन में छिपकली मिलने और एक दर्जन से अधिक बच्चों के बीमार पड़ने की घटना के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रसोई का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में कई खामियां मिलीं। टीम ने नौ खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए हैं।
भोपाल के नीलबड़ क्षेत्र के मुगालिया छाप में स्थित शासकीय श्रमोदय आवासीय विद्यालय में बच्चों को परोसे गए भोजन में छिपकली मिलने की घटना सामने आई थी। इस घटना के बाद एक दर्जन से अधिक बच्चे बीमार हो गए थे। बीमार बच्चों को उपचार के लिए जेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, घटना की जानकारी मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रविवार और सोमवार की दरमियानी रात विद्यालय की रसोई का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान रसोई की साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा व्यवस्था में कई खामियां सामने आईं।
रसोई में मिलीं कई खामियां
निरीक्षण में रसोई के फर्श और दीवारों की टाइल्स कई जगह से टूटी हुई मिलीं। आटा गूंथने की मशीन के आसपास की सतह भी क्षतिग्रस्त पाई गई। भोजन परोसने वाले स्थान पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं थी। पेस्ट कंट्रोल से जुड़े रिकॉर्ड और भोजन तैयार करने वाले कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र भी उपलब्ध नहीं मिले।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिवराज एस. पावक के अनुसार टीम ने बेसन, कोकोनट पाउडर, पापड़, कतरन, तैयार दाल, मटर पनीर, तेल, बर्फी और मसूर दाल समेत नौ खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए एकत्र किए हैं। इन नमूनों की प्रयोगशाला में जांच कराई जाएगी। रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी, मामले में अब खाद्य पदार्थों की प्रयोगशाला रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई तय होगी।







