अलवर में दीपावली से पहले नगर निगम द्वारा पारंपरिक स्थानों से दुकानें हटाने के निर्देश पर छोटे दुकानदारों ने विरोध प्रदर्शन किया। होप सर्कस और घंटाघर जैसी जगहों पर सालों से दुकान लगाने वाले दुकानदार कंपनी बाग रोड पर स्टॉल लगाने से इनकार कर रहे हैं। महिलाओं सहित दुकानदारों ने नगर निगम कार्यालय के सामने जाम लगाकर अपनी मांग रखी।
अलवर में दीपावली के त्योहार से पहले बाजारों में दुकान लगाने को लेकर विवाद बढ़ गया है। मिट्टी के बर्तन, दीपक, फूल-माला और पूजन सामग्री बेचने वाले छोटे दुकानदार वर्षों से होप सर्कस, घंटाघर और अन्य प्रमुख स्थानों पर दुकान लगाते आ रहे हैं। नगर निगम की ओर से उन्हें इन जगहों से हटाकर कंपनी बाग रोड पर बनाए गए स्टॉल पर दुकान लगाने के निर्देश दिए गए हैं, दुकानदारों का कहना है कि अचानक जगह बदलने से उनका कारोबार प्रभावित होगा। नई जगह पर ग्राहकों की आवाजाही को लेकर उन्हें आशंका है। त्योहार के समय रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो सकता है।
दुकानदारों का प्रदर्शन और आरोप
शुक्रवार को महिलाओं सहित बड़ी संख्या में दुकानदार नगर निगम कार्यालय के सामने एकत्रित हुए। उन्होंने प्रदर्शन करते हुए जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा कि वे अपनी पुरानी जगह पर ही दुकानें लगाएंगे और दूसरी जगह जाने को तैयार नहीं हैं, प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने एक होमगार्ड महिला पर मारपीट करने और सामान तोड़ने के आरोप लगाए। उनका कहना है कि वह त्योहार के लिए सामान खरीदकर तैयारी कर रही थीं। उन्हें हटाने और कथित दुर्व्यवहार से परेशानी बढ़ गई। दुकानदारों ने प्रशासन से पुरानी जगहों पर दुकान लगाने की अनुमति देने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कुछ समय तक आवागमन प्रभावित रहा।







