भोपाल के परवलिया सड़क थाना क्षेत्र में बुधवार-गुरुवार की रात सड़क हादसे में एक कंपनी मैनेजर की मौत हो गई। मृतक की पहचान एयरपोर्ट रोड स्थित शांति नगर निवासी 32 वर्षीय अजय राठौर के रूप में हुई है। वह तीन छोटी बच्चियों के पिता थे, अजय एक केमिकल फैक्ट्री में मैनेजर के पद पर काम करते थे। हादसा करीब रात 2:30 बजे शांति नगर ब्रिज के पास हुआ।
हादसे का विवरण
जानकारी के मुताबिक अजय बुधवार देर रात अपने एक दोस्त के साथ घर के पास स्थित ढाबे पर खाना खाने गए थे। दोनों पैदल ही ढाबे पहुंचे थे। खाना खाने के बाद जब वह पैदल घर लौट रहे थे, तभी एक अज्ञात वाहन ने अजय को टक्कर मार दी। टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हो गए, घायल अजय को अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने इलाज का प्रयास किया, लेकिन गुरुवार सुबह उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही परिवार में शोक का माहौल छा गया।
पुलिस जांच जारी
परवलिया सड़क थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल टक्कर मारने वाले वाहन और उसके चालक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस तथ्यों की पड़ताल कर आगे की कार्रवाई करेगी।







