मुजफ्फरपुर के मालीघाट में सरला श्रीवास सोशल कल्चरल रिसर्च फाउंडेशन की बैठक हुई। बैठक में बताया गया कि फाउंडेशन के सचिव सुनील कुमार ने नई दिल्ली में सांसद राज भूषण चौधरी से मुलाकात कर ‘लीचिया लाले लाल’ पुस्तक भेंट की। यह पुस्तक मुजफ्फरपुर की लीची और लोक परंपरा को समर्पित है। साथ ही 9वें भारत अंतर्राष्ट्रीय जल सप्ताह 2026 में भागीदारी की जानकारी दी गई।
बैठक में दी गई जानकारी
मुजफ्फरपुर, सरला श्रीवास सोशल कल्चरल रिसर्च फाउंडेशन की बैठक मंगलवार को मालीघाट, मुजफ्फरपुर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संस्थान की संरक्षक एवं वरिष्ठ कठपुतली कलाकार कांता देवी ने की।
बैठक में जानकारी दी गई कि फाउंडेशन के सचिव एवं कठपुतली कलाकार सुनील कुमार ने नई दिल्ली में मुजफ्फरपुर के सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री राज भूषण चौधरी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने मुजफ्फरपुर की सांस्कृतिक पहचान और लीची की समृद्ध लोक परंपरा को समर्पित ‘लीचिया लाले लाल’ पुस्तक सांसद को भेंट की। यह लीची गीत संग्रह है।
जल सप्ताह का आयोजन
सुनील कुमार ने बताया कि जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा 22 से 26 सितंबर 2026 तक 9वें भारत अंतर्राष्ट्रीय जल सप्ताह-2026 का आयोजन नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम, प्रगति मैदान में किया जा रहा है। पाँच दिवसीय इस आयोजन के तहत 22 से 25 सितंबर तक अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन एवं प्रदर्शनी तथा 26 सितंबर को क्षेत्र भ्रमण प्रस्तावित है।
इस अंतर्राष्ट्रीय मंच पर जल संसाधन प्रबंधन, जल संरक्षण एवं जल से जुड़े विभिन्न विषयों पर नीति-निर्माताओं, विशेषज्ञों, शोधकर्ताओं, योजनाकारों, विद्यार्थियों एवं अन्य हितधारकों के बीच विचारों और तकनीकों का आदान-प्रदान किया जा रहा है, सुनील कुमार ने इस कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर प्रदान करने के लिए मुजफ्फरपुर के सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री राज भूषण चौधरी तथा उनके सांसद प्रतिनिधि प्रोफेसर जयनन्दन सहनी के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि ‘लीचिया लाले लाल’ के माध्यम से मुजफ्फरपुर की प्रसिद्ध लीची, लोक संस्कृति और लोकगीतों को व्यापक स्तर पर पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। लोक संस्कृति एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए ऐसे प्रयासों को आगे बढ़ाना आवश्यक है।







