बरेली ट्रेन हादसा: मौलाना तौसीफ रजा की पत्नी ने सुनाई दर्दनाक दास्तां, वीडियो कॉल पर देखा अंतिम मंजर
बिहार के मौलाना तौसीफ रजा मजहरी की पत्नी तबस्सुम ने बरेली पहुंचकर उस खौफनाक रात का विवरण दिया है, जब उनके पति की ट्रेन में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। पत्नी के अनुसार, उन्होंने वीडियो कॉल पर अपने पति के साथ मारपीट और घसीटे जाने का मंजर देखा था।
तबस्सुम ने बताया कि 24-25 अप्रैल की रात उनके पति ने बरेली जंक्शन से जनरल डिब्बे में ट्रेन पकड़ी थी। ट्रेन में बैठने के बाद उन्होंने पत्नी को फोन किया और बताया कि कुछ लोग उनके साथ जबरदस्ती कर रहे हैं। तबस्सुम ने घबराकर वीडियो कॉल किया। उन्होंने बताया, "वीडियो कॉल पर मैंने देखा कि कुछ लोग मेरे शौहर के कॉलर पकड़कर उन्हें घसीट रहे थे, थप्पड़ मार रहे थे। वह रो-रोकर मदद मांग रहे थे, लेकिन किसी ने उनकी नहीं सुनी।" अचानक स्क्रीन काली हो गई और उसके बाद फोन स्विच ऑफ हो गया। तबस्सुम पूरी रात जागती रही, लेकिन कोई खबर नहीं मिली।
सुबह पुलिस ने दी मौत की सूचना
अगली सुबह करीब साढ़े नौ बजे जब उनके पति का फोन ऑन हुआ, तो तबस्सुम ने तुरंत कॉल किया। इस बार फोन पुलिस ने उठाया और बताया कि उनके पति ट्रेन से गिर गए हैं और उनकी मौत हो चुकी है। तबस्सुम ने बताया कि उनकी शादी 19 मई 2024 को हुई थी। अभी दो साल पूरे नहीं हुए थे। वह कहती हैं, "मेरे शौहर ही घर के इकलौते कमाने वाले थे। आज वह नहीं हैं तो मेरे पास कुछ नहीं बचा।"
पुलिस को दी तहरीर, इंसाफ की मांग
तबस्सुम बिहार से बरेली पहुंची हैं। उन्होंने स्थानीय उलमा, इमाम और मौलानाओं के साथ जीआरपी थाना पहुंचकर तहरीर दी है। उनका कहना है कि जो भी दोषी हैं, उन्हें सख्त सजा मिले, ताकि किसी और के साथ ऐसा न हो। बता दें कि मौलाना तौसीफ रजा मजहरी बरेली शरीफ में आयोजित ताजुश्शरिया उर्स में शामिल होने आए थे। वापसी के दौरान यह घटना हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मुजफ्फरपुर: दिव्यांग युवक की जलने से मौत, मां ने पति और बेटे पर लगाया हत्या का आरोप

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें