समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को लखनऊ में एक प्रेस वार्ता के दौरान कई नेताओं को पार्टी में शामिल किया। इस अवसर पर उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला भी बोला।
पार्टी में शामिल हुए नेता
प्रेस वार्ता के दौरान पीलीभीत से पूर्व विधायक हेमराज वर्मा ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। उनके अलावा पूर्व मंत्री रतनलाल अहिरवार, पूर्व ब्लॉक प्रमुख महेश कनौजिया, रोहित रतन, राम अवतार सैनी, नीतू मिश्रा और श्याम नारायण कोरी भी पार्टी में शामिल हुए, नीतू मिश्रा पूर्व विधानसभा प्रत्याशी रह चुकी हैं। इसके अलावा कमलेश चौरसिया, सुनील कनौजिया, उमा नेगी मौर्य और अभिनव शुक्ला समेत बड़ी संख्या में लोगों ने पार्टी की सदस्यता ली।
अखिलेश यादव का भाजपा पर हमला
प्रेस वार्ता के दौरान अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा अब अपने यूट्यूबर्स को प्रेस कॉन्फ्रेंस में भेजने लगी है। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी ने ऐसे लोगों की पहचान कर ली है, सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा उन्हें हराने के लिए तरह-तरह की साजिश कर रही है। पार्टी जनता के सामने भाजपा की इन कथित साजिशों की जानकारी रखेगी।
अन्य कार्यक्रम
सदस्यता कार्यक्रम के दौरान अंतरराष्ट्रीय पर्वतारोही सागर कसाना को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर सम्मानित भी किया गया। आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए पार्टी में नेताओं के शामिल होने को सपा के लिए सफलता का कदम माना जा रहा है।







