राज्यसभा चुनाव: तीसरे उम्मीदवार पर अखिलेश यादव का बयान, कहा- विधायकों की गिनती पूरी होने के बाद होगा ऐलान

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए राज्यसभा चुनाव में पार्टी के तीसरे उम्मीदवार को लेकर सस्पेंस बरकरार रखा। उन्होंने कहा कि विधायकों की गिनती पूरी होने के बाद तीसरे नाम की घोषणा की जाएगी। अखिलेश ने कहा कि वोट जोड़ना और विधायकों को साथ लाना एक लंबी प्रक्रिया है। इसके साथ ही उन्होंने बीजेपी, चुनाव आयोग और इंडिया गठबंधन की बैठक को लेकर भी तीखी प्रतिक्रिया दी।

तीसरे उम्मीदवार पर अखिलेश का बयान

प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव से जब राज्यसभा चुनाव में पार्टी के तीसरे उम्मीदवार के बारे में सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि विधायकों की गिनती पूरी हो जाएगी तो बता दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वोट जोड़ना और विधायकों को साथ लाना एक लंबी एक्सरसाइज होती है। अखिलेश ने यह भी कहा कि कई अपने लोग भी वापस आना चाहते हैं, जो पहले चले गए थे। कई विधायक भी आना चाहते हैं।

जेन जी सम्मेलन और युवाओं के लिए कार्यक्रम की घोषणा

जेन जी सम्मेलन को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि हमने भजन जैमिंग की बात कही थी तो किसी ने सुनकर वह कर दिया। अब हम जल्द ही नौजवानों के लिए कार्यक्रम करेंगे। उनके लिए मैनिफेस्टो तक में बहुत कुछ होगा। जब अखिलेश यादव से सवाल किया गया कि आप पीएम कब बनेंगे, तो उन्होंने कहा कि यूपी तक रखो हमें, आगे मत जाने दो।

अमित शाह के बयान पर प्रतिक्रिया, 2027 में यूपी नशा मुक्त होने का दावा

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नशा मुक्ति वाले बयान पर टिप्पणी करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि 2027 में यूपी नशा मुक्त हो जाएगा। सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर द्वारा इंडिया गठबंधन की बैठक में नहीं जाने को लेकर पूछे गए सवाल पर अखिलेश ने कहा कि जो सपा के वोट से जीत कर गए, वह बीजेपी के वोट से कैसे जीतेंगे। उन्होंने कहा कि मुझे जानकारी मिली कि इंडिया ब्लॉक की बैठक के दौरान हम पर बड़े-बड़े होर्डिंग लगे। तस्वीर अपना बैकग्राउंड बता देती है। होर्डिंग तो बीजेपी ने लगवाए होंगे।

चुनाव आयोग और बीजेपी पर तीखे आरोप

चुनाव आयोग पर हमला करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी ने इतने बड़े कार्यालय क्यों बनाए, एक फ्लोर इलेक्शन कमीशन का ले लेते। उन्होंने कहा कि बीजेपी बदलो तो लोकतंत्र आएगा। सपा मुखिया ने कहा कि आने वाले समय में पीडीए और जेन जी भारतीय जनता पार्टी का सफाया कर देंगे। उन्होंने कहा कि आपने देखा नहीं कि दिल्ली में नारे क्या चल रहे थे। एक कचौड़ी-दो समोसा। हम तो एक ही समोसा बोल रहे थे। एक कचौड़ी, दो समोसे हो गए वहां जा कर के। बीजेपी पे नहीं है भरोसा।

Author

  • इसरत फातिमा 7 वर्षों के अनुभव वाली एक पेशेवर पत्रकार और कंटेंट राइटर हैं। वह राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय समाचार, राजनीति, व्यवसाय, शेयर बाजार, क्रिप्टोकरेंसी, प्रौद्योगिकी, शिक्षा, स्वास्थ्य, मनोरंजन और सरकारी योजनाओं सहित विभिन्न विषयों पर शोध-आधारित लेख लिखती हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय जानकारी सरल भाषा में पहुँचाना है।

📢 Sponsored
Property Advertisement