कानपुर: दफनाने के 12 दिन बाद कब्र खोदकर निकाला गया शव, मायके ने लगाया हत्या का आरोप

उत्तर प्रदेश के कानपुर में 12 दिन पहले दफनाई गई एक विवाहित महिला का शव हाईकोर्ट के निर्देश पर कब्र से बाहर निकाला गया। मायके पक्ष ने मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या का आरोप लगाया था, जिसके बाद दोबारा पोस्टमार्टम की प्रक्रिया अपनाई गई।

जानकारी के मुताबिक यह मामला कानपुर के बाबू पुरवा थाना क्षेत्र स्थित बगाही कब्रिस्तान का है। 15 मई को महिला कायनात की मौत की खबर सामने आई थी, जिसके बाद उसे दफना दिया गया था। हालांकि, मृतका के मायके पक्ष ने मौत पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच और दोबारा पोस्टमार्टम की मांग की थी।

कानपुर: दफनाने के 12 दिन बाद कब्र खोदकर निकाला गया शव, मायके ने लगाया हत्या का आरोप
तस्वीर में दिखाई गई “प्रतिनिधिक तस्वीर”

हाईकोर्ट के आदेश पर हुई कार्रवाई

मायके पक्ष के आरोपों के बाद यह मामला अदालत तक पहुंचा। हाईकोर्ट के निर्देश पर प्रशासनिक निगरानी में कब्र को दोबारा खोदा गया और शव को बाहर निकाला गया। उन्नाव मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में यह कार्रवाई पूरी की गई। शव को दोबारा पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

मायके पक्ष ने लगाए दहेज उत्पीड़न के आरोप

मृतका कायनात की शादी करीब 18 माह पहले हुई थी। मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। परिवार का कहना है कि दहेज उत्पीड़न के चलते ही उसकी हत्या की गई। वहीं, ससुराल पक्ष की ओर से पहले यह दावा किया गया था कि महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या की थी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

इस पूरे मामले में अब दोबारा होने वाली पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही कायनात की मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी और आगे की कानूनी कार्रवाई तय होगी। कार्रवाई के दौरान मौके पर उन्नाव पुलिस, बाबू पुरवा थाना पुलिस और भारी संख्या में फोर्स तैनात रही। मृतका की बहन ने भी मामले में गंभीर आरोप लगाते हुए न्याय की मांग की है।

Author