MP News: व्यापारी को समझाने पर पत्थर-लकड़ी से पीटा, फिर घर पर तलवार लेकर धमकाने पहुंचे आरोपी

मध्य प्रदेश के खरगौन जिले में एक व्यापारी के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। पीड़ित ने बताया कि जब उसने कुछ लोगों को सार्वजनिक स्थान पर गाली-गलौज करने से मना किया, तो उसे निशाना बनाया गया। आरोपियों ने न सिर्फ व्यापारी पर हमला किया, बल्कि बाद में तलवार लेकर उसके घर तक पहुंच गए। पुलिस ने इस मामले में 10 नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

MP News: व्यापारी को समझाने पर पत्थर-लकड़ी से पीटा, फिर घर पर तलवार लेकर धमकाने पहुंचे आरोपी
“प्रतिनिधिक तस्वीर”

गांव में टहलते समय हुई थी बहस

भगवानपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम भग्यापुर निवासी गल्ला व्यापारी गणेश मालवीया ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार रात करीब आठ बजे वह अपने घर के पास स्कूल परिसर में टहल रहे थे। इस दौरान वहां तीन युवक मोबाइल पर अभद्र भाषा और गाली-गलौज कर रहे थे। उन्होंने इसका विरोध किया और समझाने का प्रयास किया। इसी बात पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि तीनों युवकों ने पहले पीड़ित को अश्लील गालियां दीं, फिर उन पर हमला कर दिया। व्यापारी के अनुसार, आरोपी हुजू ने उनके कपाल (माथे) पर पत्थर से वार किया, जबकि बबलू और जयू ने लकड़ी से हमला कर उन्हें घायल कर दिया।

घर पर तलवार लेकर पहुंचे आरोपी, महिलाओं संग अभद्रता के भी आरोप

पीड़ित व्यापारी किसी तरह बचकर अपने घर पहुंचे, लेकिन कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा होकर उनके घर पहुंच गए। व्यापारी के बेटे हर्षराज मालवीया ने बताया कि आरोपियों में से एक-दो युवक तलवार लेकर भी आए थे। इस दौरान आरोपियों ने घर पर मौजूद महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार भी किया। पीड़ित के अनुसार, इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बना है।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। घायल व्यापारी की शिकायत पर पुलिस ने 10 आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। देर रात एसडीओपी राकेश आर्य भी थाने पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। थाना प्रभारी इलापसिंह मुजाल्दे ने बताया कि मामले की विवेचना की जा रही है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता भी थाने पहुंचे।

Author