भोपाल के कमला नगर थाना क्षेत्र में 22 वर्षीय युवती वैशाली ने फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस के मुताबिक, आत्महत्या से पहले उसने अपने बॉयफ्रेंड अतुल को वॉट्सऐप पर मैसेज भेजा था। मामले की जांच की जा रही है और युवती का मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है।
भोपाल के कमला नगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार-शनिवार की रात एक 22 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। मृतका की पहचान वैशाली के रूप में हुई है, जो मूल रूप से कटनी की रहने वाली थी और भोपाल में किराए के मकान में रह रही थी। पुलिस के अनुसार, उसने बीकॉम तक पढ़ाई की थी और भोपाल के एक साड़ी शोरूम में नौकरी करती थी। इसके अलावा वह इवेंट में एंकर के तौर पर भी काम करती थी।
नौकरी छोड़कर कटनी गई थी, 2 सितंबर को लौटी
पुलिस के मुताबिक, वैशाली ने करीब 20 दिन पहले अपनी नौकरी छोड़ दी थी और उसके बाद कटनी स्थित अपने घर चली गई थी। 2 सितंबर को वह कटनी से भोपाल वापस आई थी। मामले में पुलिस ने उसकी मां के बयान दर्ज किए हैं। मां रेलवे में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं। युवती के पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी है और वैशाली परिवार की इकलौती बेटी थी।
आत्महत्या से पहले बॉयफ्रेंड को भेजा मैसेज
प्रधान आरक्षक नीलेंद्र सिंह के अनुसार, प्रारंभिक जांच में युवती की मां ने बताया कि वह डिप्रेशन से परेशान थी। परिवार ने पुलिस को यह भी बताया कि वैशाली को माइग्रेन की समस्या थी। हालांकि, आत्महत्या की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि वैशाली ने आत्महत्या से पहले अतुल नाम के युवक को वॉट्सऐप पर मैसेज किया था। मैसेज में उसने अतुल से धोखा नहीं देने की बात कही और उसके प्रति हमेशा लॉयल रहने का जिक्र किया। मैसेज सामने आने के बाद पुलिस युवक से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है।
पुलिस ने वैशाली का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। फोन की जांच के बाद वॉट्सऐप चैट, कॉल डिटेल और अन्य डिजिटल जानकारी खंगाली जाएगी। इससे पता चलेगा कि आत्महत्या से पहले युवती की किन लोगों से बातचीत हुई थी और घटना के पीछे कोई अन्य वजह तो नहीं थी। पुलिस फिलहाल मामले की सभी एंगल से जांच कर रही है। परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे हैं।
युवती ने वॉट्सऐप मैसेज में क्या लिखा:
सॉरी यार, मैंने तुम्हारे साथ बहुत गलत किया है। हो सके तो प्लीज माफ कर देना। आई लव यू। आज तुमसे सभी चीजें खत्म कर रही हूं, बाय। अपना गुस्सा ठीक कर लेना, प्लीज। सॉरी यार, मैं ऐसा कुछ कर रही हूं। मेरे पास और कोई ऑप्शन नहीं था। बाकी मैंने कभी धोखा नहीं दिया।







