बेंगलुरू में डिनर पर बुलाकर प्रेमिका की चाकू मारकर हत्या, शादी को लेकर हुआ था विवाद

बेंगलुरू में एक युवक ने अपनी प्रेमिका को डिनर पर घर बुलाया और शादी को लेकर हुए विवाद के बाद उसकी चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

बेंगलुरू: शहर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने कथित तौर पर अपनी 23 वर्षीय प्रेमिका को डिनर के लिए बुलाकर उसकी चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, शादी को लेकर हुई बहस इस वारदात का कारण बनी।

तीन साल के रिश्ते के बाद शादी से इनकार

मृतका की पहचान अंजलि के रूप में हुई है। आरोपी राजीव से उसकी मुलाकात वर्कप्लेस पर हुई थी और पिछले तीन से चार साल से दोनों के बीच प्रेम-संबंध थे। पुलिस के अनुसार, राजीव अंजलि से शादी करना चाहता था और लंबे समय से इसके लिए दबाव बना रहा था। हालांकि, राजीव की पारिवारिक और सामाजिक पृष्ठभूमि के कारण अंजलि का परिवार इस शादी के खिलाफ था। हाल के दिनों में अंजलि ने अपने माता-पिता के दबाव में आकर शादी से इनकार कर दिया और राजीव से दूरी बनानी शुरू कर दी थी।

रात के डिनर में भड़की बहस, बाद में हमला

रविवार की शाम राजीव ने अंजलि को डिनर के लिए घर बुलाया। इस दौरान उसने एक बार फिर शादी का मुद्दा उठाया, जिससे दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि बहस के बाद अंजलि वहां से जाने लगी, लेकिन राजीव ने उसका पीछा किया और अपने साथ लाए चाकू से उसकी गर्दन पर ताबड़तोड़ हमले कर दिए। इस घटना में अंजलि गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ी।

अस्पताल में तोड़ा दम, आरोपी गिरफ्तार

अंजलि की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने तुरंत उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कुछ ही मिनटों में आरोपी राजीव को गिरफ्तार कर लिया। अंजलि के शव को पोस्टमार्टम के लिए एमएस रमैया अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

Author