ईरान के सर्वोच्च नेता खामेनेई के अंतिम संस्कार में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे बिहार के राज्यपाल, जानें कौन होंगे शामिल

ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के राजकीय अंतिम संस्कार में भारत की ओर से बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) सैयद अता हसनैन और विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा शामिल होंगे। प्रधानमंत्री मोदी पहले से तय विदेश दौरे के कारण इस कार्यक्रम में नहीं जा पाएंगे।

28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हवाई हमले में 86 वर्षीय अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद अब 9 जुलाई को ईरान के पवित्र शहर मशहद में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। करीब 36 साल तक ईरान के सर्वोच्च नेता रहे खामेनेई के निधन के बाद मार्च में उनके बेटे मोजतबा खामेनेई को नया सर्वोच्च नेता चुना गया था।

चार दिवसीय कार्यक्रम में भारत का प्रतिनिधित्व

ईरान की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस चार दिवसीय राजकीय कार्यक्रम के लिए न्योता भेजा गया था, लेकिन पीएम मोदी का इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड का दौरा पहले से तय होने के कारण वे शामिल नहीं हो सकेंगे। भारत की ओर से बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) सैयद अता हसनैन और विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा को प्रतिनिधि के रूप में चुना गया है।

पांच दिनों तक चलेंगे अंतिम संस्कार के कार्यक्रम

ईरानी मीडिया के अनुसार, 4 और 5 जुलाई को तेहरान के इमाम खुमैनी मोसाला प्रार्थना हॉल में श्रद्धांजलि कार्यक्रम होंगे। 6 और 7 जुलाई को तेहरान और धार्मिक शहर कोम में अंतिम यात्रा निकाली जाएगी। 9 जुलाई को मशहद में इमाम रजा के पवित्र दरगाह परिसर में खामेनेई को दफनाया जाएगा।

116 दिन बाद हो रहा अंतिम संस्कार

खामेनेई की मौत 28 फरवरी को तेहरान में हुए हवाई हमले में हुई थी। क्षेत्र में बढ़ते तनाव और युद्ध जैसी परिस्थितियों के कारण उनके अंतिम संस्कार में करीब 116 दिनों की देरी हुई। उनके निधन को ईरान के 46 साल पुराने शिया धर्मतंत्र के लिए बड़ा राजनीतिक बदलाव माना गया है।

भारत-ईरान संबंधों के लिहाज से अहम

यह प्रतिनिधित्व ऐसे समय हो रहा है जब ऊर्जा, व्यापार और क्षेत्रीय सुरक्षा जैसे मुद्दों पर भारत-ईरान संबंध रणनीतिक रूप से अहम माने जाते हैं। लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) सैयद अता हसनैन वर्तमान में बिहार के राज्यपाल हैं और सेना में अहम जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। पबित्रा मार्गेरिटा विदेश मंत्रालय में राज्य मंत्री हैं और कूटनीतिक गतिविधियों से जुड़ी हैं।

Author