भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र में हुए एनकाउंटर में मारे गए भरत भूषण तिवारी के शरीर में 4-5 गोलियां लगी थीं। यह खुलासा उनका प्राथमिक इलाज करने वाले आरा सदर अस्पताल के सर्जन डॉ. एम.एच. अंसारी ने किया है। डॉक्टर के अनुसार सभी गोलियां पैर और निचले हिस्से में लगी थीं।
डॉक्टर ने क्या बताया
आरा के सदर अस्पताल के सर्जन डॉ. एम.एच. अंसारी ने बताया कि भरत तिवारी को गोली लगने के बाद इलाज के लिए अस्पताल लाया गया था। जांच के दौरान उनके शरीर के पैर और निचले हिस्से में गोली लगने के निशान पाए गए। डॉक्टर के अनुसार उनके शरीर में 4-5 गोलियां थीं और सभी गोलियां पैर एवं निचले हिस्से में लगी थीं।
हालत थी बेहद गंभीर
डॉ. अंसारी ने बताया कि जब भरत तिवारी को अस्पताल लाया गया, तो उनका ब्लड प्रेशर और पल्स काफी कम था। उनकी स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई थी। नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया था।
एनकाउंटर पर सवाल
गौरतलब है कि भरत तिवारी भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव के रहने वाले थे। उनकी मौत के बाद से एनकाउंटर की परिस्थितियों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। परिजनों ने इसे फर्जी एनकाउंटर बताते हुए आरोप लगाया है, जबकि पुलिस अपनी कार्रवाई को सही बता रही है। कई राजनीतिक दलों के नेताओं ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की है और न्यायिक जांच की मांग की है। डॉक्टर के बयान ने इस पूरे मामले को नया राजनीतिक और सामाजिक रंग दे दिया है।
