राजगढ़: धनिया के डंठल और केमिकल से बनता था नकली पाउडर, दो गिरफ्तार

मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा में पुलिस और खाद्य विभाग ने नकली धनिया पाउडर बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। यहां धनिया के डंठल, बुरादे और रासायनिक रंगों से जाली मसाला तैयार किया जा रहा था। दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

राजगढ़: धनिया के डंठल और केमिकल से बनता था नकली पाउडर, दो गिरफ्तार
“प्रतिनिधिक तस्वीर”

राजगढ़ जिले के ब्यावरा शहर में खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मिलावटखोरी का एक बड़ा रैकेट पकड़ा है। यह कार्रवाई मुखबिर की सटीक सूचना पर कमला लॉज के पीछे स्थित एक किराए की दुकान पर की गई। मौके से दो आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस और खाद्य विभाग की संयुक्त कार्रवाई

ब्यावरा सिटी थाना प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि एसआई विवेक शर्मा और खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिवराज पावक के नेतृत्व में यह छापेमारी की गई। दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि कुल तीन आरोपियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2006 और मिलावटखोरी की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में नानकराम वर्मा और गोपाल वर्मा शामिल हैं। तीसरे आरोपी हजारीलाल वर्मा के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।

डंठल और केमिकल से बनता था नकली धनिया

जांच में सामने आया कि आरोपी बाजार से बेहद कम दाम पर धनिया के डंठल खरीदते थे। उन्हें ग्राइंडर चक्की से पीसकर बुरादा तैयार किया जाता था। इस चूरे को असली धनिया जैसा रूप और खुशबू देने के लिए उसमें रासायनिक रंग और खतरनाक केमिकल मिलाए जाते थे। इसके बाद नकली पाउडर को छोटी-छोटी पैकिंग में बेचा जाता था। आरोपी हजारीलाल वर्मा के माध्यम से इस मिलावटी खेप को राजगढ़ और गुना जिले के बाजारों व मंडियों में असली बताकर ऊंचे दामों पर बेचा जा रहा था।

दो लाख रुपये का माल जब्त

छापेमारी के दौरान प्रशासनिक टीम ने मौके से बड़ी मात्रा में मिलावटी सामान जब्त किया। इसमें शामिल हैं:

52 बोरी धनिया डंठल

92 बोरी पिसा हुआ चूरा

6 पैकेट मिलावटी धनिया पाउडर

6 पैकेट रासायनिक रंग

एक ग्राइंडर चक्की

तौल कांटा

जब्त सामान की कुल कीमत लगभग दो लाख रुपये आंकी गई है।

सेहत पर गंभीर खतरे की चेतावनी

बीएमओ डॉक्टर जलालुद्दीन शेख ने इस मामले पर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने बताया कि मिलावटी धनिया पाउडर सेहत के लिए अत्यधिक हानिकारक है। डॉक्टर शेख के अनुसार, इसमें मिलाए जाने वाले केमिकल से कैंसर जैसी घातक बीमारियां होने का खतरा रहता है। इसके अलावा धनिया के डंठल के चूरे से पेट में गंभीर संक्रमण, गैस, अपच और सांस लेने में तकलीफ जैसी समस्याएं हो सकती हैं।

सीमेंट वाले जीरे के बाद केमिकल वाला धनिया

उल्लेखनीय है कि इससे पहले मध्य प्रदेश के ग्वालियर में सौंफ पर सीमेंट लगाकर उसे जीरा बनाने और बेचने का मामला सामने आ चुका है। अब राजगढ़ में केमिकल वाले धनिया पाउडर का यह मामला खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। प्रशासन ने मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।

Author