ट्रंप ने ओमान को दी धमकी: होर्मुज जलडमरूमध्य पर नियंत्रण का प्रयास नहीं चलेगा, यूरेनियम डील भी खारिज

ईरान के साथ किसी भी संयुक्त नियंत्रण प्रयास को खारिज करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग पर एकाधिकार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही, ईरान के संवर्धित यूरेनियम को रूस या चीन भेजे जाने की संभावना से भी इनकार किया।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच ओमान को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने साफ किया कि यदि ओमान ने ईरान के साथ मिलकर रणनीतिक होर्मुज जलडमरूमध्य पर नियंत्रण या टोल प्रणाली लागू करने का प्रयास किया, तो अमेरिकी सेना को कार्रवाई करनी पड़ सकती है। यह बयान व्हाइट हाउस में हुई कैबिनेट बैठक के दौरान आया।

होर्मुज जलडमरूमध्य पर क्यों है विवाद?

ट्रंप के इस बयान की पृष्ठभूमि में ईरानी सरकारी मीडिया में प्रकाशित एक कथित मसौदे को बताया जा रहा है। इसमें दावा किया गया था कि ईरान और ओमान मिलकर होर्मुज जलडमरूमध्य में समुद्री यातायात और टोल प्रणाली को संभाल सकते हैं। हालाँकि, व्हाइट हाउस ने इन रिपोर्टों को “पूरी तरह से फर्जी” करार दिया है। ट्रंप ने अपनी बात पर जोर देते हुए कहा, “यह अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र है। ओमान को बाकी देशों की तरह व्यवहार करना होगा। अन्यथा, हमें उन्हें उड़ाना पड़ेगा।” गौरतलब है कि इसी सप्ताह अमेरिका ने ईरान के बंदर अब्बास इलाके में हमला किया है।

रूस-चीन को लेकर ट्रंप का रुख साफ

इसी बैठक में ईरान के परमाणु मुद्दे पर भी चर्चा हुई। ट्रंप ने साफ किया कि वह ईरान के संवर्धित यूरेनियम को रूस या चीन भेजे जाने के किसी भी प्रस्ताव से सहमत नहीं हैं। रूस पहले युद्धविराम समझौते के तहत यह यूरेनियम अपने पास रखने को तैयार हुआ था, लेकिन ट्रंप ने इसे खारिज कर दिया। उन्होंने पहले ट्रुथ सोशल पर लिखा भी था कि ईरान का संवर्धित यूरेनियम नष्ट किया जाना चाहिए, चाहे वह कहीं भी हो।

डील पर अमेरिका की शर्त

ट्रंप ने यह भी संकेत दिया कि अमेरिका ईरान के साथ किसी भी समझौते को लेकर पूरी तरह सख्त है। उन्होंने कहा, “डील परफेक्ट होनी चाहिए। नहीं तो हमें काम पूरा करना पड़ेगा।” वहीं, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि प्रशासन कूटनीति को “हर मौका” देना चाहता है। रुबियो के इस बयान के बाद वैश्विक तेल की कीमतों में थोड़ी गिरावट दर्ज की गई। फिलहाल, पश्चिम एशिया में तनाव बना हुआ है और कूटनीतिक प्रयास जारी हैं।

Author