बिहार के मुजफ्फरपुर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। वर्ष 2013 में लापता हुई एक नाबालिग लड़की को पुलिस ने 13 साल बाद ढूंढ निकाला। लेकिन जब तक वह मिली, तब तक वह चार बच्चों की मां बन चुकी थी। उसके गायब होने की असली वजह जानकर परिवार सन्न रह गया।
मामला मुजफ्फरपुर जिले के कटरा थाना क्षेत्र के देवगन गांव का है। वर्ष 2013 में गांव निवासी मोहम्मद अली की पत्नी हरसिदा खातून ने कटरा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 11 मई को उनकी नाबालिग बेटी गुलनाज खातून अपनी बहन के साथ स्कूल के लिए निकली थी। रास्ते में उसने स्कूल से छुट्टी ली और उसके बाद घर वापस नहीं लौटी। परिवार ने गांव में ही रहने वाले दरभंगा जिले के सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के निवासी राकेश ठाकुर पर बेटी को गायब करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू तो कर दी, लेकिन वर्षों तक कोई सुराग नहीं लग पाया।
हकीकत क्या निकली?
करीब 13 साल बाद जब पुलिस लापता युवती तक पहुंची, तो हैरानी हुई। जांच में पता चला कि गुलनाज अपने पड़ोस में रहने वाले मौसेरे भाई अब्दुल के साथ घर से भाग गई थी। सूत्रों के अनुसार, दोनों के बीच घर से भागने से पहले ही प्रेम संबंध थे। दोनों ने मिलकर भागने की योजना बनाई थी और तब से साथ रह रहे थे। वर्तमान में गुलनाज चार बच्चों की मां है।
पुलिस को आखिरकार मिली सफलता
इस मामले में कई पुलिस अधिकारियों ने अनुसंधान किया, लेकिन युवती को बरामद नहीं कर पाए। अंततः कटरा थाना में तैनात सब-इंस्पेक्टर रानी कुमारी ने 13 साल बाद अपने ही थाना क्षेत्र के दरगाह चौक से युवती को बरामद कर लिया। बरामदगी के बाद युवती को धारा 164 के तहत बयान दर्ज कराने के लिए कोर्ट में पेश किया गया। बयान दर्ज होने के बाद कोर्ट के निर्देश पर युवती को उसके पति के सुपुर्द कर दिया गया।
सुप्रीम कोर्ट: मंत्री के बयान पर सीजेआई नाराज, बोले- ‘बहुत हो चुका’

