मुरैना में हनीट्रैप गिरोह का खुलासा: एसी फिटिंग के बहाने बुलाकर व्यापारी से दस लाख की मांग

मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में एक फर्नीचर व्यापारी को हनीट्रैप में फंसाकर दस लाख रुपए की ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो महिलाएं फरार हैं।

मुरैना में हनीट्रैप गिरोह का खुलासा: एसी फिटिंग के बहाने बुलाकर व्यापारी से दस लाख की मांग

“प्रतिनिधिक तस्वीर”

यह घटना मुरैना के जौरा कस्बे की है। एक फर्नीचर व्यापारी रमेश शिवहरे (उर्फ पप्पू) को चार लोगों के एक गिरोह ने अपना शिकार बनाया। पीड़ित व्यापारी ने जौरा थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी।

एसी लगवाने के बहाने बुलाया और फिर कपड़े उतारकर बनाई वीडियो

पुलिस के अनुसार, व्यापारी रमेश शिवहरे की तीन माह पहले एक कार्यक्रम के दौरान मुख्य आरोपी सोनम कुशवाह से मुलाकात हुई थी। सोनम ने उनसे संपर्क नंबर लिया था। 10 मई को सोनम ने व्यापारी को फोन कर बताया कि उसे फर्नीचर और एसी लगवाना है और साइट विजिट के लिए एक पते पर बुलाया।

जब व्यापारी शाम साढ़े सात बजे निर्धारित स्थान पर पहुंचे, तो वहां सोनम और उसकी साथी मीरा पहले से मौजूद थीं। दोनों महिलाएं उन्हें अंदर ले गईं। इसी दौरान दो पुरुष साथी गजेंद्र और सचिन ऑटो से वहां पहुंच गए। चारों आरोपियों ने कथित तौर पर व्यापारी के कपड़े जबरन उतारकर उनकी अश्लील वीडियो बना ली और दस लाख रुपए की मांग की। आरोपियों ने व्यापारी के हाथ में पहनी सोने की अंगूठी और नकदी भी लूट ली।

गिरोह पर पहले भी दर्ज है मामला, पीड़ित किसान से जमीन करवाई थी ट्रांसफर

पुलिस जांच में पता चला है कि यह गिरोह पहले भी ऐसी घटनाओं को अंजाम दे चुका है। पिछले साल 16 नवंबर को माता बसैया थाने में इसी गिरोह के खिलाफ हनीट्रैप का मामला दर्ज हुआ था। उस मामले में आरोपियों ने एक किसान को फोन पर अश्लील बातों में उलझाकर उसकी तीस लाख रुपए कीमत वाली जमीन अपने नाम ट्रांसफर करवा ली थी। उस किसान ने भी पुलिस से शिकायत की थी।

दो पुरुष गिरफ्तार, मास्टरमाइंड महिला फरार

एडिशनल एसपी सुरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि व्यापारी की शिकायत पर गजेंद्र कुशवाह और सचिन कुशवाह को गिरफ्तार कर लिया गया है। मुख्य आरोपी सोनम कुशवाह और उसकी साथी मीरा कुशवाह फिलहाल फरार हैं। खास बात यह है कि आरोपी सोनम कुशवाह खुद को भाजपा से जुड़ी समाजसेविका बताती है और सोशल मीडिया पर कई भाजपा नेताओं के साथ उसकी तस्वीरें मौजूद हैं। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।

भोपाल: रिटायर्ड जज की बहू की मौत मामले में ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का केस दर्ज, आरोपी फरार

Author

Leave a Comment