भोपाल: रिटायर्ड जज की बहू की मौत मामले में ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का केस दर्ज, आरोपी फरार

भोपाल में एक रिटायर्ड जज की बहू की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने पति और सास के खिलाफ दहेज हत्या सहित गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। मृतका के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है, जबकि आरोपी मां-बेटे फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।

भोपाल: रिटायर्ड जज की बहू की मौत मामले में ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का केस दर्ज, आरोपी फरार“प्रतिनिधिक तस्वीर”

भोपाल के कटारा हिल्स थाना क्षेत्र में रिटायर्ड जज गिरीबाला सिंह के बेटे समर्थ सिंह के खिलाफ उनकी पत्नी की मौत के सिलसिले में मुकदमा दर्ज किया गया है। मृतका ट्विशा शर्मा (34) ने मंगलवार रात अपने घर में फांसी लगा ली थी। परिजनों ने इसे हत्या बताते हुए पति और सास पर दहेज उत्पीड़न और जान लेने का आरोप लगाया।

परिजनों के हंगामे और थाने के बाहर प्रदर्शन के बाद हुई कार्रवाई

एसीपी रजनीश कश्यप कौल के अनुसार, आरोपी समर्थ सिंह और उनकी मां रिटायर्ड जज गिरीबाला सिंह के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 304-बी (दहेज हत्या) और 498-ए (दहेज के लिए प्रताड़ित करना) समेत अन्य प्रावधानों के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने दो टीमों का गठन कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक उन्हें गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। गुरुवार को मृतका के परिजनों ने महिला थाना और पुलिस कमिश्नर कार्यालय के बाहर जमकर हंगामा किया था। उनका आरोप था कि पुलिस शुरू में एफआईआर दर्ज करने से बच रही थी। देर रात जाकर मामला दर्ज किया गया। परिजनों ने कटारा हिल्स थाना पुलिस पर बदसलूकी का भी आरोप लगाया है।

पति ने सबूत मिटाने की कोशिश की? – परिजनों के गंभीर आरोप

मृतका के भाई मेजर हर्षित शर्मा ने बताया कि बुधवार रात वे इंसाफ की मांग लेकर थाने पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने थाने का मुख्य दरवाजा बंद कर दिया। उनका कहना है कि रात 12 बजे तक थाने के बाहर खड़े रहने के बाद भी किसी अधिकारी ने उनसे बात नहीं की। परिजनों ने पति समर्थ सिंह पर हत्या करने और फिर सबूत मिटाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि समर्थ अधिवक्ता हैं और उनकी मां रिटायर्ड जज, इसलिए उनके रसूख के कारण पुलिस कार्रवाई में ढिलाई बरत रही है। मृतका ट्विशा का अंतिम संस्कार अब तक इसी विवाद के चलते नहीं हो सका था।

छह माह पहले डेटिंग एप से हुई थी मुलाकात, दिल्ली में थी नौकरी

मूल रूप से नोएडा की निवासी ट्विशा शर्मा और समर्थ सिंह की शादी 12 दिसंबर 2025 को हुई थी। दोनों की मुलाकात एक डेटिंग एप के जरिए हुई थी। ट्विशा ने एमबीए किया था और दिल्ली की एक कंपनी में नौकरी करती थीं। फिल्मी दुनिया में करियर बनाने की कोशिश करने के बाद उन्होंने इस क्षेत्र से संन्यास ले लिया था। मंगलवार रात करीब 10 बजे ट्विशा घर की छत पर फंदे से लटकी मिलीं। पति उन्हें तुरंत एम्स अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

भिंड में वाहन रैली पड़ी महंगी: भाजपा ने किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष को पद से किया बर्खास्त

Author

Leave a Comment