भिंड में वाहन रैली पड़ी महंगी: भाजपा ने किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष को पद से किया बर्खास्त

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचत की अपील के विपरीत भिंड में बड़ी वाहन रैली आयोजित करने पर भारतीय जनता पार्टी ने कार्रवाई की है। पार्टी ने भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष सज्जन सिंह यादव का पद तुरंत प्रभाव से निरस्त कर दिया है।

भिंड में वाहन रैली पड़ी महंगी: भाजपा ने किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष को पद से किया बर्खास्त

 “प्रतिनिधिक तस्वीर”

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन ने अनुशासनहीनता को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा फैसला लिया है। भिंड जिले में किसान मोर्चा की ओर से बुधवार को ग्वालियर से भिंड तक सैकड़ों वाहनों की रैली निकाली गई। इस घटना को पार्टी ने गंभीरता से लिया और तत्काल कार्रवाई करते हुए जिलाध्यक्ष सज्जन सिंह यादव को पद से हटा दिया।

पीएम मोदी की अपील के विपरीत आयोजन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में देशवासियों से डीजल और पेट्रोल की खपत कम करने की अपील की थी। इसी अपील के तहत प्रदेश सरकार और संगठन दोनों स्तरों पर ईंधन संरक्षण और सादगी को बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी इस अपील का समर्थन करते हुए अपने कारकेड में वाहनों की संख्या 13 से घटाकर आठ कर दी थी, जो बुधवार को घटकर मात्र छह रह गई। ऐसे में किसान मोर्चा द्वारा बड़ी संख्या में वाहनों के साथ रैली निकालना पार्टी संगठन के निर्देशों के सीधे विपरीत माना गया।

भाजपा ने सख्त अनुशासन का दिखाया नमूना

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है। संगठन का कहना है कि शीर्ष नेतृत्व के संदेश के विपरीत इस तरह की रैलियां गलत संदेश देती हैं और अनुशासनहीनता की श्रेणी में आती हैं। आदेश जारी होते ही सज्जन सिंह यादव को उनके पद से हटा दिया गया। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, इस कार्रवाई को भाजपा की सख्त अनुशासनात्मक नीति के तौर पर देखा जा रहा है। संगठन ने स्पष्ट कर दिया है कि केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों और अपीलों की अवहेलना किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी, चाहे वह पदाधिकारी ही क्यों न हो।

MP TET पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला: 5 साल से कम सेवा वालों को छूट, बाकी को देनी होगी परीक्षा

Author

Leave a Comment