भोपाल: डॉ. भीमराव अंबेडकर पोस्टर फाड़ने के विरोध में प्रदर्शन, तीन युवक गिरफ्तार
भोपाल के अरेरा हिल्स थाना क्षेत्र स्थित भीम नगर में डॉ. भीमराव अंबेडकर के पोस्टर फाड़ने और सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना के विरोध में बड़ी संख्या में लोगों ने थाने का घेराव कर कार्रवाई की मांग की।
अरेरा हिल्स स्थित भीम नगर में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के पोस्टर क्षतिग्रस्त करने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, 14 अप्रैल को अंबेडकर जयंती के अवसर पर लगाए गए पोस्टरों को कुछ युवकों ने फाड़ दिया और सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट कीं। घटना की जानकारी मिलने के बाद अंबेडकरवादी संगठनों से जुड़े लोगों की भीड़ अरेरा हिल्स थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई।
थाने का घेराव कर मांगी कार्रवाई
आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने थाने का घेराव कर नारेबाजी की और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को शांत कराते हुए मामले की जांच का आश्वासन दिया। शिकायत के बाद पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।
पांच में से तीन आरोपी गिरफ्तार
स्थानीय महिला के बयान के अनुसार, पांच युवक मोहल्ले में आए थे, जिनमें से पुलिस ने तीन को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम अमन, हर्ष और विवेक बताए जा रहे हैं। वहीं, घटना के बाद कुछ लोगों ने आरोपित युवकों के साथ कथित तौर पर मारपीट भी की, जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि आरोपियों ने शराब के नशे में यह कृत्य किया। उन्होंने कहा, "बाबा साहेब के पोस्टर फाड़कर न केवल उनका, बल्कि देश के संविधान का भी अपमान किया गया है। ऐसी घटनाएं बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।" स्थानीय लोगों ने मांग की कि आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
यह जानकारी केवल सामान्य उद्देश्यों के लिए है। अधिक जानकारी के लिए हमारे Disclaimer पेज देखें।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें