मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) द्वारा राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2026 का आयोजन 7 से 12 सितंबर तक प्रदेश के 12 मुख्यालयों में किया जाएगा। इंदौर में परीक्षा के 6 केंद्र बनाए गए हैं, जहां 2,428 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
12 शहरों में एक साथ होगी परीक्षा
मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग की राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2026 के आयोजन को लेकर तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। यह परीक्षा 7 सितंबर से प्रारंभ होकर 12 सितंबर तक आयोजित की जाएगी, 6 दिनों तक चलने वाली यह परीक्षा मध्य प्रदेश के 12 संभागीय और जिला मुख्यालयों पर एक ही सत्र में आयोजित की जाएगी। परीक्षा का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक निर्धारित किया गया है।
इंदौर शहर में अभ्यर्थियों की सुविधा और परीक्षा संचालन के लिए 6 केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर कुल 2,428 परीक्षार्थी मुख्य परीक्षा में शामिल होंगे।
त्रिस्तरीय जांच व्यवस्था लागू
परीक्षा को पूरी तरह से सुरक्षित, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए इस बार केंद्रों पर नई त्रिस्तरीय जांच प्रक्रिया लागू की जा रही है, इस व्यवस्था के अंतर्गत परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी सर्विलांस, बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण, ई-प्रवेश पत्र की स्कैनिंग, हैंड-हेल्ड मेटल डिटेक्टर के माध्यम से तलाशी और वीओआईपी जैसी आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जाएगा।
90 मिनट पहले पहुंचना अनिवार्य
आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने के निर्धारित समय से 90 मिनट पहले केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा। केंद्र पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की चरणबद्ध जांच की जाएगी, पुरुष अभ्यर्थियों की तलाशी पुरुष कर्मियों द्वारा तथा महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला कर्मियों द्वारा निर्धारित केबिन में की जाएगी। ट्रांसजेंडर अभ्यर्थियों को अपनी इच्छानुसार महिला या पुरुष कर्मचारी से तलाशी करवाने का विकल्प दिया गया है।
केंद्र पर ये सामान ले जाने की अनुमति
परीक्षा केंद्र में अभ्यर्थियों को केवल नीले या काले बॉल पेन, पानी की पारदर्शी बोतल, ई-प्रवेश पत्र और पहचान पत्र ले जाने की अनुमति होगी, जिन परीक्षार्थियों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हैं, वे अपनी आवश्यक दवाइयां साथ रख सकते हैं। आयोग ने सभी अभ्यर्थियों से समय का पालन करने और समय से पूर्व केंद्र पहुंचने का आग्रह किया है।







