दिवाली की रात आतिशबाजी के बाद मध्य प्रदेश के कई शहरों की हवा की गुणवत्ता काफी खराब हो गई। भोपाल में सुबह 11 बजे AQI 393 दर्ज हुआ। पांच घंटे में टीटी नगर का प्रदूषण दोगुने से ज्यादा बढ़ गया। ग्वालियर, इंदौर और जबलपुर समेत सात शहरों में AQI 300 के पार रहा। कई मॉनिटरिंग स्टेशन वेरी पुअर श्रेणी में पहुंच गए।
दिवाली की रात पटाखों और आतिशबाजी के बाद मध्य प्रदेश के कई शहरों की हवा की हालत बिगड़ गई। आंकड़ों के अनुसार भोपाल में सोमवार सुबह 11 बजे एयर क्वालिटी इंडेक्स 393 दर्ज किया गया। यह स्तर 400 के गंभीर स्तर से मात्र सात अंक नीचे था, रात 10 बजे से सुबह 3 बजे के बीच यानी पांच घंटे में भोपाल के टीटी नगर का AQI 150 से बढ़कर 314 हो गया। इसी दौरान ईदगाह हिल्स में यह 140 से 263 और पर्यावरण परिसर में 213 से 302 पहुंच गया।
ग्वालियर और इंदौर में भी खराब हवा
ग्वालियर में सुबह 3 बजे दीनदयाल नगर का AQI 363 दर्ज हुआ। रात 10 बजे यह 354 था। महाराज बाड़ा में 337 और सिटी सेंटर में 329 रहा। इंदौर की छोटी ग्वालटोली में AQI 338 और मगूदा नगर में 316 दर्ज किया गया। जबलपुर के मरहताल में 328 और सुहागी में 303 रहा, मध्य प्रदेश के सात शहरों भोपाल, ग्वालियर, इंदौर, जबलपुर, मंडीदीप, देवास और संबंधित क्षेत्रों में AQI 300 के पार पहुंच गया। इन जगहों पर हवा की गुणवत्ता वेरी पुअर श्रेणी में रही। सुबह 3 बजे कम से कम नौ मॉनिटरिंग स्टेशन इसी श्रेणी में दर्ज किए गए।
विशेषज्ञों के अनुसार स्वास्थ्य पर असर
पर्यावरणविद् सुभाष सी. पांडे के अनुसार AQI 350 से ऊपर होने पर 24 घंटे तक ऐसी हवा में सांस लेना 10 से 12 सिगरेट पीने के बराबर नुकसान पहुंचा सकता है। AQI 400 पार होने पर यह असर 25 सिगरेट जितना हो सकता है। पटाखों से निकलने वाले PM2.5 के बारीक कण स्वास्थ्य के लिए सबसे ज्यादा हानिकारक माने जाते हैं, कुछ छोटे शहरों में भी प्रदूषण बढ़ा। देवास, कटनी, उज्जैन और सिंगरौली में AQI मॉडरेट से पुअर श्रेणी में पहुंच गया। वहीं इंदौर के कुछ इलाकों, रतलाम, सागर, सतना और मैहर जैसे स्थानों पर स्थिति लगभग स्थिर या संतोषजनक रही।







