हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना के तहत चरण-1 से चरण-9 तक चयनित परिवारों की सूची 18 नवंबर को विशेष ग्राम सभा में सार्वजनिक की जाएगी। पात्र महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये और 300 यूनिट मुफ्त बिजली मिलेगी। आपत्तियां 20 नवंबर तक दर्ज कराई जा सकती हैं। सूची की अंतिम रूपरेखा 30 नवंबर तक तैयार होगी।
हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना के अंतर्गत चरण-1 से चरण-9 तक चयनित परिवारों की सूची सार्वजनिक जांच और आपत्तियों के लिए ग्राम सभा में रखी जाएगी। इस कदम का उद्देश्य चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखना और पात्रता संबंधी आपत्तियों का निष्पक्ष निपटारा करना है। योजना के तहत प्रदेश की पात्र महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये और 300 यूनिट मुफ्त बिजली दी जाएगी, कुल्लू के जिलाधीश डॉक्टर अमित कुमार शर्मा ने बताया कि 18 नवंबर को विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा। इसमें चयनित परिवारों की सूची आम लोगों की जानकारी और जांच के लिए रखी जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वह अधिक संख्या में ग्राम सभा में शामिल हों और सूची देखें।
यदि किसी व्यक्ति को चयनित परिवारों के बारे में कोई आपत्ति हो तो वह 20 नवंबर तक संबंधित पंचायत सचिव के पास अपनी आपत्ति दर्ज करवा सकता है। प्राप्त आपत्तियों का निपटारा फील्ड लेवल कमेटी करेगी। इस कमेटी में पंचायत सचिव, पटवारी और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता शामिल होंगे। कमेटी 25 नवंबर तक अपनी सिफारिशें ब्लॉक लेवल कमेटी को सौंपेगी। ब्लॉक लेवल कमेटी में एसडीएम, बीडीओ और पंचायत निरीक्षक होंगे। यह कमेटी 30 नवंबर तक सूची को अंतिम रूप देगी। यह पूरी प्रक्रिया केवल चरण-1 से चरण-9 तक चयनित परिवारों के लिए लागू होगी।
योजना का शुभारंभ अगले महीने
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने चंबा जिले के मैहला में दौरे के दौरान कहा था कि मैहला ग्राम पंचायत के 172 परिवारों को इस योजना के तहत चिन्हित किया गया है। प्रदेशभर में अगले महीने योजना का शुभारंभ किया जाएगा। योजना के अंतर्गत 21 से 59 वर्ष आयु वर्ग की पात्र महिलाओं को प्रति माह 1500 रुपये दिए जाएंगे। यदि किसी परिवार में तीन पात्र महिलाएं हैं तो तीनों महिलाएं लाभ पा सकेंगी।







