भोपाल में छठ पूजा के लिए 54 घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी, पेयजल और अन्य सुविधाएं जुटाई जा रही हैं। आज दीपावली के मौके पर मंदिरों के सामने रंगोली और सौंदर्यीकरण का काम चल रहा है। आतिशबाजी को देखते हुए पटाखा बाजारों में दमकल वाहन और अमला तैनात किया गया है। नगर निगम ने इन त्योहारों को लेकर बैठक भी की है।
भोपाल में छठ पूजा और दीपावली की तैयारियां
भोपाल में छठ पूजा के अवसर पर शहर के छोटे-बड़े 54 घाटों पर विशेष व्यवस्थाएं की जाएंगी। दीपावली के दिन मंदिरों के सामने रंगोली बनाई जा रही है और सौंदर्यीकरण का काम भी चल रहा है। आतिशबाजी के मद्देनजर बाजारों में दमकलें तैनात की गई हैं, दीपावली, गोवर्धन पूजा और छठ पूजा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम के जिम्मेदारों ने बैठक की। महापौर मालती राय और निगम कमिश्नर रामप्रकाश अहिरवार ने शहर के मंदिरों के सामने चूने से आकर्षक रंगोली बनाने के साथ साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण कराने की बात कही। इससे श्रद्धालुओं को त्योहार के दौरान स्वच्छ और सुंदर वातावरण मिल सके।
15-16 नवंबर को छठ पूजा, घाटों पर ये इंतजाम
15 और 16 नवंबर को छठ पूजा होगी। इन दिनों शहर के 54 घाटों पर साफ-सफाई के साथ पर्याप्त रोशनी, पेयजल, सार्वजनिक शौचालय, पार्किंग और महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। निगम अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि छठ पूजा से पहले सभी घाटों पर जरूरी काम पूरे कर लिए जाएं। शीतलदास की बगिया पर भी छठ पूजा का आयोजन किया जाएगा।
पटाखा बाजारों में सुरक्षा के इंतजाम
पटाखा बाजारों में सुरक्षा के लिए निगम ने विशेष इंतजाम किए हैं। दीपावली की पूरी रात फायर अमला तैनात रहा। 9, 10 और 11 नवंबर को भी इन बाजारों में दमकल वाहन व अमला तैनात रहेगा। आपात स्थिति के लिए एक दमकल वाहन, दो पानी के टैंकर और एक सीवेज टैंकर सपोर्ट के लिए उपलब्ध रहेंगे, फतेहगढ़, जिंसी चौराहा, कोलार, होशंगाबाद, रायसेन रोड, करोंद समेत शहर के सभी 11 स्टेशनों पर दमकल और पानी के टैंकर खड़े रखे जाएंगे। सूचना मिलते ही ये मौके पर पहुंचकर आग बुझाएंगे। न्यू मार्केट में 8 अक्टूबर को आग की बड़ी घटना हो चुकी है, इसलिए अमला अलर्ट मोड पर है।
पुराने शहर के बाजार और रहवासी इलाकों में सड़कें संकरी हैं। इस वजह से आग लगने पर बड़े फायर व्हीकल समय पर नहीं पहुंच पाते। कई बार जाम की समस्या भी रहती है, इसलिए छोटे वाहन बाजार या रहवासी इलाकों में भेजे जाएंगे, गोवर्धन पूजा के अवसर पर सोमवार को शाहजहांनाबाद स्थित कांजी हाउस में आयोजन किया जाएगा।







