पटना सिविल कोर्ट में खान सर ने किया सरेंडर, फायरिंग मामले में दर्ज है एफआईआर

पटना: कोचिंग विवाद मामले में खान ग्लोबल स्टडीज के संचालक फैजल खान उर्फ खान सर ने शनिवार को पटना सिविल कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। वे अपने वकील के साथ अदालत परिसर पहुंचे, जहां उन्होंने कानूनी प्रक्रिया का पालन किया। खान सर के खिलाफ फायरिंग और आर्म्स एक्ट से जुड़ा मामला दर्ज है।

पटना सिविल कोर्ट में खान सर ने किया सरेंडर
पटना सिविल कोर्ट में खान सर ने किया सरेंडर

अदालत परिसर में बढ़ाई गई सुरक्षा

खान सर के आत्मसमर्पण की सूचना मिलते ही सिविल कोर्ट परिसर में हलचल तेज हो गई। पटना पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर कोर्ट परिसर के सभी प्रमुख प्रवेश और निकास द्वारों पर सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी है। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों के अलावा सादे लिबास में अधिकारी भी मौजूद हैं। सूत्रों के अनुसार, खान सर की कानूनी टीम पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है और उनके द्वारा अग्रिम जमानत की अर्जी दाखिल किए जाने की चर्चा है।

2 जून को हुआ था बवाल

यह पूरा मामला 2 जून की रात का है, जब पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र के मुसल्लहपुर हाट स्थित कोचिंग कैंपस में विवाद हुआ था। इसी घटना के बाद फायरिंग के मामले में पुलिस ने खान सर को आरोपी बनाते हुए प्राथमिकी दर्ज की थी। एफआईआर दर्ज होने के बाद शुक्रवार रात पुलिस की टीमें कई बार उनके कोचिंग संस्थान पहुंची, लेकिन वहां बड़ी संख्या में छात्रों के मौजूद होने के कारण गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी। इसके बाद खान सर शुक्रवार से ही अंडरग्राउंड बताए जा रहे थे।

Author