कन्नौज। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर गश्त के दौरान पुलिस वाहन के एक कार से टकरा जाने के बाद 15 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के सोने की तस्करी का मामला खुला है। पुलिस ने कार में सवार दो लोगों को हिरासत में लेकर सोना बरामद किया है।
पुलिस गश्त के दौरान हुआ एक्सीडेंट
कन्नौज एसपी विनोद कुमार के अनुसार, तालग्राम थाना पुलिस शनिवार दोपहर लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर रूटीन गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस की जीप महराजगंज जिले की एक ब्रेजा कार से टकरा गई। टक्कर के बाद कार डिवाइडर पर चढ़कर रुक गई जबकि पुलिस वाहन भी किनारे डिवाइडर में फंस गया।
कार की तलाशी में मिले सोने के बिस्कुट
तालग्राम पुलिस ने कार के पास पहुंचकर कार सवार युवकों से पूछताछ की। एक व्यक्ति ने खुद को महराजगंज का संदीप जायसवाल बताया, जबकि दूसरा व्यक्ति नेपाल का सरोज पंत निकला। संदेह होने पर पुलिस ने दोनों को कार से बाहर निकाला और वाहन की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान कार में रखे ब्रीफकेस को खोलने पर पुलिस को करीब 10 किलो वजन के 10 सोने के बिस्कुट मिले। मामला सोना तस्करी से जुड़ा लगा, दोनों को पुलिस थाने ले जा कर पूछताछ की, जिसके बाद स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की गोल्ड मूल्यांकन टीम को बुलाया गया, स्टेट बैंक की टीम ने सोने को 24 कैरेट का बताते हुए इसकी कीमत 15 करोड़ रुपये से अधिक आंकी।
कस्टम विभाग को सौंपे गए तस्कर
सोने की तस्करी के मामले में पुलिस ने जीएसटी विभाग के अधिकारियों को बुलाया। पूछताछ में पता चला कि सोना नेपाल के रास्ते गोरखपुर लाया गया और दिल्ली ले जाया जा रहा था। अंतर्राष्ट्रीय तस्करी का मामला सामने आने पर पुलिस ने कस्टम विभाग को सूचना दी। देर शाम कस्टम विभाग की टीम पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों तस्करों को अपने साथ ले गई, कन्नौज एसपी विनोद कुमार ने बताया कि आगे की विधिक कार्यवाही कस्टम विभाग करेगा।







