मुंबई एयरपोर्ट पर DRI का एक्शन: सोना तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, 6 गिरफ्तार

राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सोने की तस्करी करने वाले एक अंतरराष्ट्रीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें तीन फिलीपींस के नागरिक और तीन एयरपोर्ट कर्मचारी शामिल हैं।

राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने सोने की तस्करी करने वाले एक अंतरराष्ट्रीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। डीआरआई ने छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से छह लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें फिलीपींस के तीन नागरिक शामिल हैं। आरोप है कि यह गिरोह एयरपोर्ट पर काम करने वाले निजी कर्मचारियों की मिलीभगत से चलाया जा रहा था।

गिरफ्तार आरोपी कौन हैं?

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान भांडुप निवासी हिमांशु उपाध्याय (25), कुर्ला निवासी मोहिद हसन सिद्दीकी (32) और फिरोज सैयद (47) के रूप में हुई है। वहीं, फिलीपींस के नागरिक लाकिम अलीमुदिन नासेर (35), बेनी लॉयड ओलिवो (35) और क्रिस्टीन जॉय अंदाया पोर्नास्डोरो (35) को भी गिरफ्तार किया गया है।

कैसे काम कर रहा था तस्करी गिरोह

पकड़े गए यात्रियों ने डीआरआई को बताया कि वे सोने की तस्करी करने वाले एक गिरोह के लिए काम कर रहे थे। यह गिरोह छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा मुंबई में काम करने वाले कुछ लोगों की मदद से दुबई और बैंकॉक से ट्रांज़िट यात्रियों के जरिए मुंबई में सोना तस्करी करता था।

गौरतलब है कि इससे पहले राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) की मुंबई जोनल यूनिट ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की थी और मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (सीएसएमआईए) पर 2.128 किलोग्राम कोकीन जब्त की थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस खेप की अनुमानित कीमत करीब 10.65 करोड़ रुपये है।

कोकीन तस्करी का भी खुलासा

डीआरआई के अनुसार, यह कार्रवाई खुफिया सूचना के आधार पर 5 जुलाई को की गई। अधिकारियों को सूचना मिली थी कि नैरोबी के रास्ते सिएरा लियोन की राजधानी फ्रीटाउन से मुंबई पहुंचने वाली एक महिला यात्री मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल हो सकती है। सूचना मिलने के बाद डीआरआई की टीम ने यात्री के भारत पहुंचते ही उसे जांच के लिए रोका।

प्रारंभिक जांच के दौरान महिला के ट्रॉली बैग को एक्स-रे मशीन से स्कैन किया गया। स्कैनिंग के दौरान बैग के मेटल के हैंडल में असामान्य वस्तु होने का संदेह हुआ। इसके बाद अधिकारियों ने बैग के मेटल हैंडल को अलग कर उसे काटकर देखा। जांच में हैंडल के भीतर बड़ी ही चालाकी से छिपाकर रखे गए 17 बेलनाकार पैकेट बरामद हुए। फील्ड टेस्ट किट से जांच करने पर यह पदार्थ कोकीन निकला। इसके बाद आरोपी को हिरासत में ले लिया गया। फिलहाल आगे की जांच जारी है।

Author

  • इसरत फातिमा 7 वर्षों के अनुभव वाली एक पेशेवर पत्रकार और कंटेंट राइटर हैं। वह राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय समाचार, राजनीति, व्यवसाय, शेयर बाजार, क्रिप्टोकरेंसी, प्रौद्योगिकी, शिक्षा, स्वास्थ्य, मनोरंजन और सरकारी योजनाओं सहित विभिन्न विषयों पर शोध-आधारित लेख लिखती हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय जानकारी सरल भाषा में पहुँचाना है।