मध्य प्रदेश के इंदौर में एक युवती ने सोशल मीडिया के जरिए हुई दोस्ती के बाद शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी युवक को बडनगर से गिरफ्तार कर लिया है।
इंदौर के तिलक नगर थाना क्षेत्र में एक युवती ने रुद्रांक्ष नाम के युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता राजस्थान के कोटा की रहने वाली है। उसने बताया कि करीब पांच महीने पहले इंस्टाग्राम पर उसकी आरोपी से दोस्ती हुई थी। शुरुआती बातचीत सामान्य थी, लेकिन धीरे-धीरे दोनों के बीच घनिष्ठता बढ़ती गई।

आरोपी ने शादी का दिलाया था भरोसा
पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने उसे शादी का वादा किया। इसी भरोसे पर वह उसके करीब आई और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। युवती का आरोप है कि जब वह आरोपी के बुलाने पर इंदौर आई, तो उसे पिपलियापाला स्थित एक होटल में ले जाया गया। वहां आरोपी ने पहली बार उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी उसे पहले मनाली और फिर केदारनाथ ले गया। पीड़िता का कहना है कि मनाली में कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया गया। केदारनाथ की यात्रा के बाद दोनों के बीच अनबन शुरू हुई। जब युवती ने शादी की बात की, तो आरोपी ने इनकार कर दिया और जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने किया आरोपी को गिरफ्तार
धोखे का अहसास होने पर पीड़िता ने तिलक नगर थाने में मामला दर्ज कराया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी को बडनगर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, आरोपी से पूछताछ जारी है।