दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) में मरीज को देखने को लेकर डॉक्टर और परिजनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि PG डॉक्टर आशुतोष कुमार के सिर पर बेल्ट से हमला किया गया, जिससे सिर फट गया। घटना के बाद इमरजेंसी करीब आधे घंटे तक प्रभावित रही। प्राचार्य और SDPO ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया।
मरीज को देखने की जिद पर शुरू हुआ विवाद
दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) में मरीज को देखने को लेकर डॉक्टर और परिजनों के बीच विवाद हो गया। जानकारी के मुताबिक, बहेड़ा थाना क्षेत्र के जोरजा गांव निवासी मरीज पलटू लाल देव के परिजन डॉक्टर से मरीज को देखने की जिद कर रहे थे। PG डॉक्टर आशुतोष कुमार ने परिजनों को बताया कि उनकी तैनाती दूसरे विभाग में है। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
बेल्ट से हमला, सिर में लगी चोट
कहासुनी के बाद विवाद बढ़ता चला गया और दोनों पक्षों के बीच जमकर हंगामा हुआ। आरोप हैं कि इसी दौरान डॉक्टर आशुतोष कुमार पर बेल्ट से हमला किए जाने की बात सामने आई। हमले में डॉक्टर के सिर में चोट लगी और सिर फट गया।
आधे घंटे तक बंद रही इमरजेंसी
मारपीट और हंगामे के बाद DMCH की इमरजेंसी में करीब आधे घंटे तक कामकाज बंद रहा। घटना की जानकारी मिलने के बाद अस्पताल प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। DMCH के प्राचार्य यूसी झा और SDPO शुभेंद्र कुमार सुमन ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझाया और मामला शांत कराया। अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद अस्पताल में स्थिति सामान्य हुई और इमरजेंसी सेवा दोबारा शुरू कराई गई।
सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
घटना के बाद अस्पताल में डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल विवाद के पूरे घटनाक्रम और मारपीट के आरोपों को लेकर संबंधित पक्षों से जानकारी ली जा रही है।







