उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में एक विवाहिता ने अपने ससुराल पक्ष के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि शादी के बाद दहेज की मांग की गई, पति की सेहत संबंधी समस्याओं का फायदा उठाकर ससुर ने गलत संबंध बनाने का दबाव डाला और उसके निजी पल का वीडियो भी बनाया गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति-ससुर समेत सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बिजनौर जिले के हीमपुरदीपा थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली एक विवाहिता ने पुलिस में शिकायत की है। नगीना थाना क्षेत्र की रहने वाली इस युवती की शादी स्थानीय युवक से हुई थी। महिला के अनुसार उसके मायके वालों ने शादी में करीब 25 लाख रुपये खर्च किए थे, महिला का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल में विवाद शुरू हो गया। ससुराल पक्ष ने पांच लाख रुपये और एक कार की मांग की। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट की गई। महिला ने बताया कि उसका पति कोई काम नहीं करता जबकि ससुर सरकारी नौकरी करते हैं और परिवार उनके ऊपर निर्भर है।
पति की सेहत और अन्य आरोप
विवाहिता ने शिकायत में कहा है कि उसका पति नपुंसक है और मानसिक रूप से भी बीमार रहता है। पति का इलाज कराने की जगह ससुर ने गलत शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाला। जब महिला ने अपने पति से ससुर की शिकायत की तो उसके साथ मारपीट की गई, महिला ने यह भी आरोप लगाया कि 15 अक्टूबर को जब वह कपड़े बदल रही थी तब उसका वीडियो बनाया गया, पीड़िता की शिकायत के आधार पर बिजनौर पुलिस ने पति, ससुर समेत सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।







