राजस्थान के पाली जिले में एक ग्वार गम फैक्ट्री में देर रात अज्ञात कारणों से आग लग गई। इस घटना में तीन श्रमिकों की मौत हो गई है जबकि एक मजदूर की हालत गंभीर बनी हुई है। आग पर काबू पाने के लिए पाली नगर निगम समेत आसपास के इलाकों से दमकल गाड़ियां बुलाई गईं। प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है।
राजस्थान के पाली जिले में स्थित एक ग्वार गम फैक्ट्री में देर रात अचानक आग लग गई। जानकारी के अनुसार आग का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। फैक्ट्री में मौजूद ज्वलनशील पदार्थों और कच्चे माल की वजह से आग तेजी से फैली, घटना के समय फैक्ट्री के अंदर कई श्रमिक मौजूद थे। आग लगने की सूचना मिलते ही पाली नगर निगम की चार दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। साथ ही रानी, सुमेरपुर, फालना और सोजत से भी फायर ब्रिगेड की गाड़ियां बुलाई गईं। कई घंटों की कोशिश के बाद दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया।
तीन श्रमिकों की मौत, एक की हालत गंभीर
झुलसे तीन श्रमिकों को प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर के उच्च चिकित्सा केंद्र में रेफर किया गया। जोधपुर अस्पताल में इलाज के दौरान दो मजदूरों की मौत हो गई। सुबह फैक्ट्री परिसर में तलाशी के दौरान एक अन्य श्रमिक का झुलसा हुआ शव मिला। इस तरह अब तक तीन श्रमिकों की मौत हो चुकी है। एक अन्य झुलसा मजदूर जोधपुर अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती है।
प्रशासन और पुलिस मौके पर
हादसे की सूचना मिलते ही उपखंड अधिकारी विमलेन्द्र राणावत और पुलिस उप अधीक्षक मंगलेश चुंडावत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और राहत-बचाव कार्यों की निगरानी की। प्रशासन की ओर से आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।







