मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के अंतर्गत राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 7400 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी की चाबी सौंपी। उन्होंने मेधावी छात्रा के साथ ई-स्कूटी की सवारी भी की और छात्रों से संवाद किया।
मुख्यमंत्री स्कूटी योजना का राज्य स्तरीय कार्यक्रम
भोपाल के शासकीय सुभाष उत्कृष्ट विद्यालय, शिवाजी नगर में मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के अंतर्गत मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी वितरण का राज्य स्तरीय कार्यक्रम हुआ। इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 7400 से अधिक मेधावी छात्रों को स्कूटी की चाबी प्रदान की, कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मेधावी विद्यार्थियों पर पुष्प वर्षा की और छात्रों से संवाद भी किया। उन्होंने मेधावी छात्रा के पीछे बैठकर ई-स्कूटी की सवारी भी की।
छात्रों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश में स्कूल शिक्षा के लिए इस वर्ष का बजट 38,000 करोड़ रुपये का है। सरकार बच्चों की शिक्षा और उनके भविष्य को प्राथमिकता देकर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार बच्चों को अच्छी शिक्षा के साथ आगे बढ़ने के अवसर भी प्रदान कर रही है। आज मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी दी गई है। प्रदेश के बच्चे मेडिकल, लॉ, सीए, कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ रहे हैं और अपनी पहचान बना रहे हैं।







