अजमेर के जेएलएन अस्पताल के बाहर एक महिला को दो ठगों ने अपनी बातों में फंसा लिया। गरीब होने का बहाना बनाकर मदद मांगी और भरोसा जीतकर उसके पहने हुए करीब ढाई लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने उतरवा लिए। शक न हो इसलिए रुमाल में पत्थर बांधकर थमा दिया। महिला ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
जानकारी के मुताबिक, अजमेर में ठगी का शिकार हुई महिला रामबाग भगवानगंज की रहने वाली कांता देवी हैं, जो मोहन सिंह की पत्नी हैं। वह जेएलएन अस्पताल अपने किसी परिजन का हाल जानने पहुंची थीं। अस्पताल परिसर के बाहर ही उनकी मुलाकात दो ठगों से हो गई।
भरोसा जीतने के बाद उतरवाए आभूषण
जानकारी के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने पहले खुद को गरीब बताया और महिला से मदद की गुहार लगाई। उनकी बातचीत का अंदाज़ ऐसा था कि महिला उन पर भरोसा कर बैठीं। इसी भरोसे का फायदा उठाकर आरोपियों ने उनसे उनके पहने हुए सोने और चांदी के आभूषण उतरवा लिए। जानकारी के मुताबिक इन गहनों की कीमत करीब ढाई लाख रुपये आंकी गई है।
गहने लेने के बाद आरोपियों ने उन्हें एक रुमाल में लपेटने का दिखावा किया। फिर वही रुमाल महिला को लौटा दिया और मौके से चले गए। कुछ समय बाद महिला ने जब रुमाल खोला तो उसमें गहनों के बदले पत्थर के टुकड़े रखे थे। तब उन्हें एहसास हुआ कि उनके साथ ठगी हो चुकी है। आसपास देखने पर पता चला कि दोनों आरोपी वहां से जा चुके थे।
पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज
पीड़िता ने इस घटना की शिकायत कोतवाली थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। जांच के तहत अस्पताल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिससे दोनों संदिग्धों की पहचान हो सके। पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है, फिलहाल आरोपियों का कोई सुराग पुलिस के हाथ नहीं लगा है। पुलिस को उम्मीद है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों से बदमाशों तक पहुंचने में मदद मिलेगी। घटना के बाद अस्पताल परिसर और आसपास के इलाके में लोगों को ऐसे ठगों से सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।







