दीपावली और छठ पूजा के पर्व को देखते हुए रेल प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष ट्रेनें चलाई हैं। कानपुर सेंट्रल स्टेशन के रास्ते बिहार, हावड़ा और गोरखपुर की ओर 65 स्पेशल ट्रेनें गुजर रही हैं। प्रयागराज रेल मंडल में कुल 240 त्योहार विशेष ट्रेनें संचालित हो रही हैं। स्टेशन पर भारी भीड़ के बीच सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई गई है।
कानपुर। दीपावली और छठ पूजा के महापर्व को ध्यान में रखते हुए रेल प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया है। अकेले कानपुर सेंट्रल स्टेशन के रास्ते बिहार, हावड़ा और गोरखपुर की ओर 65 विशेष ट्रेनें गुजर रही हैं, प्रयागराज रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि पूरे मंडल के अंतर्गत 240 त्योहार विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं। इनमें से प्रतिदिन लगभग 80 गाड़ियों की आवाजाही हो रही है। मंडल से 35 जोड़ी ट्रेनें भी बनाकर चलाई जा रही हैं। दक्षिण भारत और मुंबई की ओर से आने वाले यात्रियों के लिए भी लगातार स्पेशल ट्रेनें दौड़ रही हैं।
कुछ प्रमुख स्पेशल ट्रेनों का शेड्यूल
• 03293/03294 पटना-आनंद विहार टर्मिनल (5 नवंबर से)
• 04058/04057 आनंद विहार टर्मिनल-छपरा (5 नवंबर से)
• 05087/05088 मऊ-आनंद विहार टर्मिनल (5 नवंबर से)
• 02569/02570 नई दिल्ली-दरभंगा (5 नवंबर से)
• 02563/02564 नई दिल्ली-बरौनी (5 नवंबर से)
• 01081/01082 छत्रपति शाहूजी महाराज टर्मिनल मुंबई-मुजफ्फरपुर (6 नवंबर से)
• 03697/03698 गया-नई दिल्ली (7 नवंबर से)
• 03309/03310 धनबाद-दिल्ली (7 नवंबर से)
• 09083/09084 बांद्रा टर्मिनस-गोरखपुर (8 नवंबर से)
• 05091/05092 गोरखपुर-बांद्रा टर्मिनस (9 नवंबर से)
• 03439/03440 मालदा टाउन-शकूरबस्ती (10 नवंबर से)
• 04077/04078 दिल्ली-दरभंगा (10 नवंबर से)
कानपुर सेंट्रल पर भारी भीड़
इन विशेष प्रबंधों के बावजूद स्टेशनों पर घर लौटने वाले यात्रियों की भीड़ उमड़ रही है। कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर दिल्ली की ओर से बिहार और हावड़ा जाने वाली ट्रेनें प्लेटफॉर्म पर पहुंचीं तो यात्रियों के बीच बोगियों में चढ़ने को लेकर धक्का-मुक्की देखने को मिली। जनरल कोचों में जगह नहीं बची, जिससे सामान्य टिकट वाले यात्री भी आरक्षित कोचों में सवार होने को मजबूर हुए।
जीआरपी प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह की स्पेशल ऑपरेशन टीम ने प्लेटफॉर्म नंबर एक से लेकर नौ तक अनाउंसमेंट के माध्यम से यात्रियों को धक्का-मुक्की न करने और सुरक्षित यात्रा के लिए समझाया। नियमित ट्रेनों के अतिरिक्त 200 से अधिक विशेष ट्रेनों की घोषणा कर उनका सुचारू संचालन किया जा रहा है, बिहार, हावड़ा, गोरखपुर, प्रयागराज और मुंबई रूट की ट्रेनों में भारी भीड़ है। कई यात्री भारी सामान के साथ बोगियों के दरवाजों पर लटके नजर आ रहे हैं। शुरुआत में जिन स्पेशल ट्रेनों में सीटें खाली चल रही थीं, अब उनमें भी भीड़ देखने को मिल रही है। इन स्पेशल ट्रेनों के चलने से हजारों यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में राहत मिल रही है।







