भोपाल में सफाईकर्मियों की हड़ताल के कारण कचरा प्रबंधन बिगड़ गया है। चौक बाजार में व्यापारी कचरे के ढेर जला रहे हैं, जबकि इतवारा और बुधवारा के मछली-मीट बाजार में सड़ते अवशेषों से बदबू फैल रही है। डॉक्टरों ने स्वास्थ्य जोखिम जताया है। पर्यावरणविद् सुभाष सी. पांडे ने 17 नवंबर की सुनवाई से पहले ये हालात सुप्रीम कोर्ट में रखने की बात कही है।
भोपाल। राजधानी में सफाईकर्मियों की हड़ताल ने कचरा व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। पुराने शहर के चौक बाजार में सड़कों और दुकानों के आसपास कचरे के ढेर लग गए हैं। परेशानी बढ़ने पर कुछ व्यापारियों ने कचरे में आग लगा दी है, इतवारा और बुधवारा के मछली व मीट बाजार में मछली, चिकन और मांस के अवशेष खुले में पड़े सड़ रहे हैं। इससे तेज दुर्गंध फैल रही है।
स्वास्थ्य जोखिम बढ़ने की आशंका
कचरा जलने से निकलने वाला धुआं सांस के जरिए शरीर में पहुंच सकता है। इससे आंखों में जलन, नाक-गले में एलर्जी और सांस लेने में दिक्कत हो सकती है। डॉक्टरों के अनुसार प्लास्टिक जलने से निकलने वाले रसायन फेफड़ों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। अस्थमा और सीओपीडी के मरीजों के लिए जोखिम ज्यादा है, पल्मोनोलॉजिस्ट डॉ. पराग शर्मा ने बताया कि मौसम बदलाव के साथ हवा में पहले से मौजूद धूल और प्रदूषण के बीच कचरा जलने का धुआं परेशानी बढ़ा सकता है। डॉ. लोकेन्द्र दवे ने बच्चों, बुजुर्गों और सांस की बीमारी वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। सड़ते जैविक कचरे से बैक्टीरियल संक्रमण का खतरा भी बढ़ सकता है।
सुप्रीम कोर्ट में उठाया जाएगा मुद्दा
ठोस अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़े मामले के याचिकाकर्ता पर्यावरणविद् सुभाष सी. पांडे ने कहा कि वे 17 नवंबर को होने वाली सुनवाई से पहले भोपाल के हालात की तस्वीरें और मीडिया रिपोर्ट कोर्ट में पेश करेंगे। उनका कहना है कि कचरा प्रबंधन की जिम्मेदारी कलेक्टरों को सौंपने के बावजूद जमीन पर सुधार नहीं दिख रहा, उन्होंने कहा कि कचरे को जलाना एयर एक्ट-1981 और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के प्रावधानों के खिलाफ है। हड़ताल के दौरान भी कचरा उठाने की वैकल्पिक व्यवस्था की जानी चाहिए।







