मेघालय सीमा के रास्ते 18 संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों के भारत में प्रवेश की सूचना के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। सूचना के मुताबिक, लंबी दूरी की ट्रेनों से इनके अलग-अलग राज्यों में जाने की आशंका जताई गई है। बिहार समेत कई राज्यों को सतर्क किया गया है। मुजफ्फरपुर जंक्शन पर रेल पुलिस ने ट्रेनों की सघन जांच शुरू कर दी है। जम्मूतवी-अमरनाथ एक्सप्रेस पर विशेष नजर रखी जा रही है।
मेघालय सीमा से 18 संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों के अवैध रूप से भारत में प्रवेश की सूचना सुरक्षा एजेंसियों को मिली है। इनपुट के अनुसार ये लोग लंबी दूरी की ट्रेनों से देश के अलग-अलग हिस्सों में जाने की तैयारी में हैं। इस सूचना के आधार पर बिहार सहित कई राज्यों को अलर्ट कर दिया गया है, मुजफ्फरपुर में रेल पुलिस सक्रिय हो गई है। जंक्शन पर आने-जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों और संदिग्ध गतिविधियों की जांच की जा रही है। रेल एसएसपी बीना कुमारी ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों से निर्देश मिलने के बाद रेल थानों और स्टेशनों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस टीमें अलग-अलग ट्रेनों में तलाशी अभियान चला रही हैं।
अमरनाथ एक्सप्रेस पर विशेष सतर्कता
संदिग्धों के जम्मूतवी-अमरनाथ एक्सप्रेस से सफर करने की आशंका जताई गई है। इस ट्रेन के रूट पर आने वाले बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के पुलिस मुख्यालयों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। मुजफ्फरपुर में रेलवे और पुलिस के बीच समन्वय बढ़ाया गया है। स्टेशन परिसर और ट्रेनों में सघन जांच जारी है, सुरक्षा एजेंसियां उपलब्ध सूचनाओं के आधार पर निगरानी कर रही हैं। फिलहाल मुजफ्फरपुर में रेल पुलिस का फोकस ट्रेनों और स्टेशन परिसर में जांच पर है। अधिकारियों के निर्देश के अनुसार अभियान चल रहा है।







