भोपाल के एमपी नगर इलाके में रविवार रात करीब 9 बजे सड़क किनारे बिजली के पोल में करंट लगने से भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री दिव्यऋषि तिवारी की मौत हो गई। वह शॉपिंग करने गए थे। डिवाइडर पार करते समय पोल पकड़ते ही झटका लगा। एक महिला भी चपेट में आई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की है।
भोपाल के एमपी नगर इलाके में रविवार रात करीब 9 बजे एक दर्दनाक हादसा हुआ। भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री दिव्यऋषि तिवारी सड़क किनारे लगे बिजली के पोल में करंट लगने से मौत के शिकार हो गए। वह शॉपिंग करने के लिए पहुंचे थे।
प्रत्यक्षदर्शी हेड कॉन्स्टेबल जगदीश दांगी के अनुसार, दिव्यऋषि सड़क पार करने के लिए डिवाइडर पर चढ़कर दूसरी तरफ जाने की कोशिश कर रहे थे। सहारे के लिए उन्होंने सड़क किनारे लगे पोल को एक हाथ से पकड़ लिया। दूसरे हाथ से दीवार पकड़ने की कोशिश के दौरान पोल में करंट होने से जोरदार झटका लगा। हादसे में एक महिला भी करंट की चपेट में आ गई। मौके पर मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों ने दोनों को संभाला।
पुलिसकर्मियों ने सीपीआर देकर बचाव की कोशिश की
करंट लगने के बाद दिव्यऋषि मौके पर गिर गए। वहां मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने तुरंत सीपीआर दिया। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए एआईआईएमएस ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया, पुलिस जांच कर रही है कि पोल में करंट कैसे फैल गया। प्रत्यक्षदर्शी पुलिसकर्मी के मुताबिक, यह पोल मेट्रो प्रोजेक्ट के निर्माण कार्य के दौरान लगाया गया था। पोल के पास तार खुला होने की बात भी सामने आई है।
एमपी नगर पुलिस ने मर्ग कायम किया
घटना की सूचना मिलने के बाद एमपी नगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। हादसे से जुड़े पोल, बिजली कनेक्शन और निर्माण कार्य की स्थिति की भी जांच की जा रही है, एमपी नगर थाना प्रभारी जयहिंद शर्मा के अनुसार, जांच में सामने आया, इस कट पॉइंट पर पिछले 3-4 दिन में सात से ज्यादा लोगों को करंट लग चुका था। इसकी शिकायत भी की गई थी। इसके बावजूद सुधार कार्य नहीं किया गया। हादसे के बाद पुलिस ने कट पॉइंट पर बैरिकेडिंग कर आवाजाही रोक दी है।







