मध्य प्रदेश के इंदौर में एमआईजी थाना क्षेत्र के नया बसेरा इलाके में 11वीं कक्षा के 16 वर्षीय छात्र उदय खोकरे का शव घर के कमरे में बिस्तर पर मिला। गले पर फंदे के निशान पाए गए। पुलिस ने मामले को सामान्य आत्महत्या मानकर बंद करने के बजाय जांच का दायरा बढ़ा दिया है और छात्र के पिता विजय को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
इंदौर के नया बसेरा इलाके में रविवार शाम एक नाबालिग छात्र की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। एमआईजी थाना क्षेत्र में 11वीं कक्षा में पढ़ने वाले 16 वर्षीय उदय खोकरे का शव घर के कमरे में बिस्तर पर पड़ा मिला। उसके गले पर फंदे के निशान थे।
बहन ने घर पहुंचकर देखी हालत
रविवार शाम उदय की बड़ी बहन आयुषी काम से वापस घर लौटीं। घर का दरवाजा पूरी तरह बंद नहीं था। अंदर जाने पर कमरे में उदय बिस्तर पर अचेत हालत में मिला और उसके गले में फंदा लगा हुआ था। यह देखकर आयुषी ने तुरंत परिवार के अन्य सदस्यों को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मर्ग कायम कर मामले की पड़ताल शुरू कर दी।
परिजनों और दोस्तों से जुटाई जानकारी
परिजनों ने पुलिस को जानकारी दी, उदय चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था। रविवार को उसकी बहन ने उसे बाहर घूमने चलने के लिए कहा था, लेकिन उदय ने इनकार करते हुए कहा था कि दो दिन बाद उसका टेस्ट है और उसे पढ़ाई करनी है। परिवार के सदस्य रोज की तरह अपने-अपने काम पर चले गए थे। घर में मां, बड़ा भाई और बहन आयुषी काम करते हैं। इसी दौरान उदय घर पर था।
जांच के दौरान पुलिस ने उदय के दोस्तों से भी जानकारी जुटाई। दोस्तों के अनुसार, पिछले दो दिनों से उदय सोशल मीडिया पर उदासी से जुड़ी इंस्टाग्राम स्टोरी साझा कर रहा था। इस जानकारी के बाद पुलिस ने आत्महत्या की आशंका को भी जांच में शामिल किया है।
दरवाजा अटका और फंदा निकली हुई स्थिति में मिला
घटना के समय घर का दरवाजा अटका हुआ था। इसके अलावा पुलिस को मौके पर फंदा निकली हुई स्थिति में मिला। इन परिस्थितियों ने पुलिस को मामले की गहराई से जांच करने के लिए मजबूर किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली। फुटेज में उदय के पिता विजय घर से बाहर जाते नजर आए। इसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
विजय ने पुलिस को बताया कि वह शाम को कुछ देर के लिए घर पहुंचे थे। उनके मुताबिक उस समय उदय फंदे पर लटका हुआ था। उन्होंने चाकू की मदद से रस्सी काटी, बेटे को नीचे उतारा और बिस्तर पर लिटा दिया। इसके बाद वह घर से निकल गए। पुलिस अब उनके बयान और घटनास्थल पर मिले साक्ष्यों का मिलान कर रही है, टीआई सीबी सिंह के मुताबिक छात्र के गले पर फांसी जैसे निशान मिले हैं। मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट करने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।







