भोपाल में एक नर्सिंग ऑफिसर की 22 अगस्त को चोरी हुई स्कूटी 17 दिन बाद ई-चालान में दिखी। चालान की तस्वीर में एक लेडी कॉन्स्टेबल स्कूटी चलाती दिखी, जिसने रेड लाइट जंप की थी। पुलिस अब महिला कॉन्स्टेबल की पहचान कर रही है।
चालान ने खोला राज
नर्सिंग ऑफिसर नीलू साहू की स्कूटी 22 अगस्त को हमीदिया अस्पताल परिसर से चोरी हो गई थी। 17 दिनों तक पुलिस स्कूटी का पता नहीं लगा पाई, उनके अनुसार, वह थाने के चक्कर भी लगा रहे हैं, लेकिन कोई ठोस जवाब नहीं मिला, लेकिन 2 सितंबर को नीलू के पास एक ई-चालान आया। चालान के साथ आई तस्वीर में उनकी चोरी हुई स्कूटी एक लेडी कॉन्स्टेबल चला रही थी।
रेड लाइट जंप का चालान
ट्रैफिक पुलिस के कैमरे ने 2 सितंबर दोपहर 12:22 बजे स्कूटी का चालान काटा था। चालान अपेक्स बैंक तिराहे से रोशनपुरा की ओर जाते समय रेड लाइट जंप करने का था। तस्वीर में साफ दिख रहा था कि स्कूटी एक लेडी कॉन्स्टेबल चला रही है।
25 मिनट में हुई चोरी
जानकारी के अनुसार, नर्सिंग ऑफिसर नीलू साहू 22 अगस्त को सुबह करीब 8:05 बजे अपनी स्कूटी से हमीदिया अस्पताल पहुंची थीं। उन्होंने मेट्रन ऑफिस के सामने स्कूटी खड़ी की। स्कूटी में उनका बैग भी रखा था। करीब 25 मिनट बाद जब वह लौटीं तो स्कूटी गायब थी।
चालान मिलने पर नई शिकायत
चालान मिलने के बाद उन्होंने फिर से पुलिस में शिकायत की। इसके बाद कोहेफिजा थाने की पुलिस ने स्कूटी सवार लेडी कॉन्स्टेबल की पहचान शुरू कर दी है। पुलिस जांच कर रही है कि चोरी की स्कूटी महिला कॉन्स्टेबल तक कैसे पहुंची और क्या उसने यह गाड़ी खरीदी है या किसी और से ली है।







