मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस की कथित लापरवाही का मामला सामने आया है। एक व्यक्ति का आरोप है कि चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मी ने उसके रिश्तेदार की स्कूटी की चाबी एक अज्ञात युवक को सौंप दी, जो वाहन लेकर फरार हो गया। इसके बाद शिकायत दर्ज कराने के लिए पीड़ित को चार अलग-अलग थानों के चक्कर लगाने पड़े।
भोपाल। राजधानी में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस की कथित लापरवाही का एक मामला सामने आया है। 13 जुलाई की रात करीब 8 बजे सेंट्रल लाइब्रेरी चौराहे पर चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मी ने एक स्कूटी सवार को रोककर उसकी चाबी अपने पास रख ली और 300 रुपये का चालान काटा। इसी बीच आरोप है कि पुलिसकर्मी ने स्कूटी की चाबी एक अज्ञात व्यक्ति को दे दी, जो वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
पुलिसकर्मी ने खुद सौंपी चाबी
शिकायतकर्ता नदीम आलम, जो बैरसिया तहसील के ललरिया इलाके के रहने वाले हैं, ने पुलिस कमिश्नर को आवेदन देकर इस मामले की शिकायत की है। उन्होंने बताया कि उनकी सुजुकी बर्गमैन स्कूटी (एमपी-04-ज़ेडवाई-8982) उनके बहनोई मोहम्मद सगीर चला रहे थे। सगीर सेंट्रल लाइब्रेरी होते हुए इब्राहिमपुरा जा रहे थे। चेकिंग के दौरान जब स्कूटी रोकी गई तो पुलिसकर्मी ने चाबी अपने पास रख ली और 300 रुपये का चालान काटा। चूंकि सगीर के पास तुरंत चालान की राशि नहीं थी, इसलिए उन्होंने नदीम को फोन कर पैसे बुलाए। इसी दौरान वहां मौजूद पुलिसकर्मी ने स्कूटी की चाबी किसी अनजान व्यक्ति को दे दी, जो वाहन लेकर वहां से चला गया।
पीड़ित ने चार थानों में भटकने का लगाया आरोप
नदीम का कहना है कि जब वह मौके पर पहुंचा और अपने वाहन के बारे में पूछा तो पुलिसकर्मी ने कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया और वाहन न मिलने की बात कही। आरोप है कि पुलिसकर्मी ने उनसे कहा, चाचा अब तुम्हारी गाड़ी गई। इससे पीड़ित को संदेह है कि वाहन ले जाने वाला व्यक्ति पुलिसकर्मी को पहले से जानता था। शिकायत दर्ज कराने के लिए नदीम मंगलवारा, तलैया, हनुमानगंज और गौतम नगर थाने के चक्कर लगाता रहा, लेकिन हर थाने ने यह कहकर शिकायत लेने से मना कर दिया कि उस स्थान पर उनकी टीम की ड्यूटी नहीं थी। ट्रैफिक पुलिस भी वहां चेकिंग करने की बात से इनकार कर रही है।
पुलिस ने जांच शुरू की
इस पूरे मामले में जिस आरक्षक पर चाबी अज्ञात युवक को सौंपने और वाहन ले जाने का मौका देने के आरोप हैं, उनका नाम दिनेश डेहरिया है। वह हनुमानगंज थाने में पदस्थ हैं, जबकि चेकिंग मंगलवारा थाना क्षेत्र में हो रही थी। आरक्षक दिनेश डेहरिया ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि चाबी उन्होंने किसी को नहीं सौंपी, बल्कि वह वाहन में पहले से ही लगी थी जिसे अज्ञात युवक ले गया।
मंगलवारा थाना प्रभारी अजय सोनी ने बताया कि चेकिंग वाला इलाका उनके थाना क्षेत्र में आता है और मामला उनके संज्ञान में है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, शिकायतकर्ता ने पुलिस कमिश्नर से निष्पक्ष जांच, संबंधित पुलिस अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई और अपनी स्कूटी वापस दिलाने की मांग की है।

