नोएडा के मामूरा गांव में पांच मंजिला बिल्डिंग में आग, इलेक्ट्रिक स्कूटी चार्जिंग से हुआ हादसा, दो युवक-युवती की मौत

नोएडा के सेक्टर-66 स्थित मामूरा गांव में एक पांच मंजिला पीजी हाउस में भीषण आग लगने से दो लोगों की दम घुटने से मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में आग इलेक्ट्रिक स्कूटी की चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट के कारण लगी बताई जा रही है। घटना के समय बिल्डिंग में करीब 50 परिवार मौजूद थे।

नोएडा। थाना फेज-3 क्षेत्र के सेक्टर-66 स्थित मामूरा गांव में बुधवार दोपहर करीब एक बजे एक बड़ा हादसा हो गया। यहां एक पांच मंजिला (ग्राउंड+4) पीजी हाउस में आग लगने से एक युवक और एक युवती की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

इलेक्ट्रिक स्कूटी की चार्जिंग से लगी आग

ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर राजीव नारायण मिश्र ने प्रारंभिक जानकारी में बताया कि बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर इलेक्ट्रिक स्कूटी को चार्जिंग पर लगाया गया था। इसी दौरान स्कूटी की बैटरी में शॉर्ट सर्किट हो गया, जिससे आग लग गई। ग्राउंड फ्लोर की पार्किंग में खड़ी स्कूटी की आग वहां मौजूद अन्य पेट्रोल वाहनों तक फैल गई, जिससे आग और धुआं तेजी से ऊपरी मंजिलों की तरफ बढ़ने लगा

सकरी गली और सिंगल एग्जिट ने बढ़ाई मुश्किल

यह पांच मंजिला इमारत बेहद सकरी गली और कंजेस्टेड इलाके में बनी है। चश्मदीदों के अनुसार, बिल्डिंग में वेंटिलेशन (खिड़कियों) और आपातकालीन निकासी की कोई व्यवस्था नहीं थी। आने-जाने का केवल एक ही मुख्य रास्ता था, जिसके पास सीढ़ियां थीं और वहीं आग लगी थी। हादसे के वक्त इस बहुमंजिला पीजी में करीब 50 परिवार (हर मंजिल पर 10 से 12 परिवार) मौजूद थे। ग्राउंड फ्लोर पर आग लगने के कारण पूरी बिल्डिंग में जहरीला धुआं भर गया।

पड़ोस की छत पर सीढ़ी लगाकर रेस्क्यू

घटना की सूचना मिलते ही थाना फेज-3 की पुलिस, फायर ब्रिगेड की गाड़ियां और ज्वाइंट सीपी सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू टीम ने सामने और आसपास के मकानों की छत से सीढ़ियां लगाकर बिल्डिंग में फंसे लोगों को निकालना शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद लगभग 50 परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि, एक युवक और एक युवती समय रहते बाहर नहीं निकल पाए और उनकी मौत हो गई।

दोषियों के खिलाफ FIR दर्ज, जांच शुरू

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मृतकों की शिनाख्त की जा रही है। ज्वाइंट सीपी राजीव नारायण मिश्र ने कहा कि पूरे प्रकरण की जांच के लिए टीमें लगा दी गई हैं। थाना फेज-3 में इस संबंध में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पीजी चलाने में सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वाले मकान मालिक और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी। बिल्डिंग मालिक को हिरासत में ले लिया गया है।

Author

  • मैं अनामिका गुप्ता, एक पत्रकार हूँ। पिछले 5 वर्षों में मैंने ब्रेकिंग, राजनीति, अपराध, सामाजिक, मनोरंजन, टेक्नोलोजी, विज्ञान, वित्त एवं निवेश और प्रौद्योगिकी मुद्दों और फीचर स्टोरीज़, हर विधा में काम किया है। जटिल मामलों को सरल भाषा में समझाना मेरी कला है और निष्पक्ष रिपोर्टिंग मेरी पहचान। इस वेबसाइट पर मैं पाठकों तक सच्चाई पहुँचाने का काम करती हूँ।