सीवान: ऑपरेशन नया सवेरा 3.0 के तहत तीन नाबालिग मुक्त, ऑर्केस्ट्रा संचालक गिरफ्तार

सीवान पुलिस ने मानव तस्करी और नाबालिगों के शोषण के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दरौली थाना क्षेत्र में छापेमारी कर तीन नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया और एक महिला ऑर्केस्ट्रा संचालक को गिरफ्तार किया है।

सीवान। मानव तस्करी व नाबालिग लड़कियों के शोषण के खिलाफ ‘आपरेशन नया सवेरा 3.0’ विशेष अभियान के तहत जिले की पुलिस ने लगातार दूसरे दिन बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दरौली थाना क्षेत्र में संचालित एक ऑर्केस्ट्रा पर छापेमारी की।

दरौली में छापेमारी, तीन नाबालिग मुक्त

इस कार्रवाई के दौरान जबरन नृत्य कराई जा रही तीन नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया गया। साथ ही, एक महिला ऑर्केस्ट्रा संचालक को गिरफ्तार कर लिया गया। एसपी पूरन कुमार झा के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित संरक्षण में लिया गया।

नेटवर्क की तलाश में जांच शुरू

पुलिस मुक्त कराई गई लड़कियों की वास्तविक पहचान, उम्र और उन्हें किन परिस्थितियों में यहां लाया गया, इसकी गहन जांच कर रही है। साथ ही, इस पूरे मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है, मामले में दरौली थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी गई है। गिरफ्तार महिला संचालक से पूछताछ के आधार पर मानव तस्करी व नाबालिगों के शोषण से जुड़े नेटवर्क की कड़ियां तलाशने का प्रयास किया जा रहा है।

इस अभियान में दरौली थाना पुलिस, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट व रेस्क्यू फाउंडेशन, दिल्ली की संयुक्त टीम शामिल रही। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी नाबालिग लड़कियों के शोषण, मानव तस्करी या अवैध गतिविधियों की जानकारी मिले तो तत्काल स्थानीय थाना या चाइल्ड हेल्पलाइन पर सूचना दें।

Author

  • इसरत फातिमा 7 वर्षों के अनुभव वाली एक पेशेवर पत्रकार और कंटेंट राइटर हैं। वह राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय समाचार, राजनीति, व्यवसाय, शेयर बाजार, क्रिप्टोकरेंसी, प्रौद्योगिकी, शिक्षा, स्वास्थ्य, मनोरंजन और सरकारी योजनाओं सहित विभिन्न विषयों पर शोध-आधारित लेख लिखती हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय जानकारी सरल भाषा में पहुँचाना है।