मुंबई लोकल में दरवाजा बंद करने को लेकर विवाद, 22 वर्षीय यात्री की चाकू से हत्या

मुंबई में अंधेरी और बोरीवली के बीच चलती लोकल ट्रेन में दरवाजा बंद करने को लेकर हुए विवाद ने 22 वर्षीय यात्री की जान ले ली। आरोपी ने पेट में चाकू मारा और ट्रेन से कूदकर फरार हो गया।

मुंबई: मुंबई की एक चलती लोकल ट्रेन में मंगलवार रात एक दर्दनाक घटना घटी। अंधेरी और बोरीवली स्टेशनों के बीच ट्रेन में एक 22 वर्षीय यात्री की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। जानकारी के अनुसार, घटना का कारण भारी बारिश के दौरान कोच का दरवाजा बंद करने को लेकर हुई बहस बताई जा रही है।

दरवाजा बंद करने को लेकर बहस

मृतक की पहचान मयंक लोहार के रूप में हुई है, जो अंधेरी में एक प्राइवेट कंपनी में सेल्समैन के पद पर कार्यरत था। घटना के समय वह काम से घर लौट रहा था। पुलिस के अनुसार, मयंक लोहार और आरोपी ट्रेन नंबर 90663 के फर्स्ट-क्लास कोच में सवार थे। यह ट्रेन मंगलवार रात 10.05 बजे चर्चगेट से रवाना हुई थी। रास्ते में भारी बारिश हो रही थी, इस दौरान मयंक ने आरोपी से कोच का दरवाजा बंद करने के लिए कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस हो गई।

चलती ट्रेन से आरोपी फरार

बहस के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर एक धारदार हथियार निकाला और मयंक के पेट में वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने बताया कि रात 11.04 बजे बोरीवली स्टेशन पर ट्रेन के रुकने से पहले ही आरोपी चलती ट्रेन से प्लेटफॉर्म-6 के पास कूद गया और स्टेशन परिसर से फरार हो गया।

रेलवे और पुलिस की कार्रवाई

रेलवे अधिकारियों ने घटना की सूचना मिलते ही इमरजेंसी रिस्पॉन्स सिस्टम को सक्रिय कर दिया। ट्रेन के बोरीवली स्टेशन पहुंचते ही आरपीएफ और जीआरपी के जवान कोच में पहुंचे और घायल यात्री की सहायता की। मयंक को रात 11.22 बजे बोरीवली स्टेशन के इमरजेंसी मेडिकल रूम में ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसकी जांच की। बाद में उसे एंबुलेंस से कांदिवली के शताब्दी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

आरोपी की तलाश जारी

पुलिस ने आरोपी की पहचान करने और उसे पकड़ने के लिए कई टीमें गठित की हैं। टीमें रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं और उन यात्रियों से पूछताछ कर रही हैं जिन्होंने घटना को देखा हो। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सभी संभावित सुरागों की जांच की जा रही है।

Author