गाजियाबाद: नीट की तैयारी कर रहे 22 वर्षीय छात्र ने की आत्महत्या, सुसाइड से पहले रिकॉर्ड किया वीडियो

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में नीट (NEET) परीक्षा की तैयारी कर रहे 22 वर्षीय छात्र ने अपने कमरे में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। इस घटना ने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया है। आत्महत्या से पहले छात्र ने एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने अपने इस कदम का कारण बताया।

विजयनगर थाना क्षेत्र की घटना

पूरी घटना गाजियाबाद के विजयनगर थाना क्षेत्र की है, जहां 22 वर्षीय छात्र जतिन कुमार लंबे समय से नीट परीक्षा की तैयारी कर रहा था। पुलिस के अनुसार, बार-बार मिली असफलताओं ने उसके हौंसले को तोड़ दिया। देर रात छात्र अपने कमरे में पढ़ने के लिए गया। अगली सुबह जब काफी देर तक वह कमरे से बाहर नहीं निकला, तो परिजनों ने दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई आवाज न आने पर परिवारवालों ने दरवाजा खोला और छात्र का शव फंदे से लटका देखा। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया।

सुसाइड से पहले रिकॉर्ड किया वीडियो

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जांच के दौरान पुलिस ने छात्र का मोबाइल फोन बरामद किया, जिसमें उसने आत्महत्या से पहले एक वीडियो रिकॉर्ड किया था। वीडियो में छात्र ने बताया कि उसने बार-बार NEET परीक्षा पास करने की कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हो पाया, जिसके कारण वह मानसिक दबाव में था। उसने वीडियो में यह भी स्पष्ट किया कि उसकी मौत के लिए कोई और व्यक्ति जिम्मेदार नहीं है।

पिता खाद्य विभाग में इंस्पेक्टर

जानकारी के अनुसार, छात्र जतिन के पिता राजेश कुमार खाद्य विभाग में इंस्पेक्टर हैं और वर्तमान में सहारनपुर में तैनात हैं। जतिन अपनी मां और एक छोटी बहन के साथ गाजियाबाद में रहता था। परिजनों ने बताया कि उन्होंने जतिन पर पढ़ाई को लेकर कोई दबाव नहीं बनाया था। पुलिस एसीपी उपासना पांडेय ने मामले को लेकर जानकारी देते हुए बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Author