भोपाल: शेफ ने पेड़ पर लटककर दी जान, सुसाइड नोट में सूदखोरों पर लगाए गंभीर आरोप

भोपाल के रातीबड़ इलाके में 37 वर्षीय शेफ रामश्रवण पटेल का शव पेड़ से लटका मिला। सुसाइड नोट में उन्होंने आरोप लगाया कि मूल रकम चुकाने के बावजूद प्रतिदिन 10 हजार रुपए ब्याज की मांग की जा रही थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

पेड़ से लटका मिला शेफ का शव, सुसाइड नोट बरामद

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रातीबड़ थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। नीलबड़ निवासी 37 वर्षीय शेफ रामश्रवण पटेल का शव कलियासोत डेम के पास तेरा शटर क्षेत्र में एक पेड़ से फंदे पर लटका हुआ मिला। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर जांच शुरू की, मृतक बृजधाम कॉलोनी का रहने वाला था और कोलार रोड स्थित एक बंगले में शेफ के रूप में कार्यरत था। पुलिस को उसकी जेब से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने कर्ज से उत्पन्न मानसिक तनाव की बात कही है। घटनास्थल से उसकी बाइक भी बरामद हुई है।

क्या है सुसाइड नोट में?

सुसाइड नोट में रामश्रवण ने सूदखोरों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसने लिखा कि उसने मकान निर्माण के लिए बृज पटेल नामक व्यक्ति से 3.70 लाख रुपए उधार लिए थे। उसका दावा है कि वह पूरी मूल रकम चुका चुका है, लेकिन इसके बाद भी उससे प्रतिदिन 10 हजार रुपए ब्याज की मांग की जा रही थी, इसके अलावा उसने यह भी लिखा कि एक निजी फाइनेंस कंपनी के रिकवरी एजेंट भी उस पर लगातार दबाव बना रहे थे। इस मानसिक प्रताड़ना के कारण ही उसने आत्महत्या करने का निर्णय लिया।

परिवार ने लगाए गंभीर आरोप

मृतक के भाई अरुण पटेल ने बताया कि रामश्रवण ने कर्ज चुकाने के लिए परिवार के गहने तक गिरवी रख दिए थे। इसके बावजूद तकादेदार उसे परेशान करने से नहीं चूके। परिजनों के अनुसार, वह पिछले कुछ दिनों से मानसिक रूप से काफी तनाव में था, एक और गंभीर आरोप परिजनों ने यह लगाया है कि तीन दिन पहले रामश्रवण को चुनाभट्टी थाने बुलाया गया था, जहां घंटों बैठाकर उस पर कर्ज चुकाने का दबाव बनाया गया। हालांकि, पुलिस ने इस आरोप को खारिज करते हुए कहा कि उन्हें ऐसी किसी जानकारी से अवगत नहीं कराया गया है।

चार दिन पहले भी कर चुका था आत्महत्या का प्रयास

रातीबड़ थाना प्रभारी रास बिहारी शर्मा ने बताया कि शुरुआती जांच में कर्ज के कारण मानसिक तनाव की बात सामने आई है। परिजनों ने पुलिस को यह भी बताया कि चार दिन पहले रामश्रवण ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया था, जिसमें उसकी जान बच गई थी।

पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच

पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। अब सुसाइड नोट की हैंडराइटिंग की जांच कराई जाएगी। साथ ही, मोबाइल कॉल डिटेल, वित्तीय लेन-देन और सुसाइड नोट में जिन लोगों के नाम का उल्लेख है, उनसे पूछताछ की जाएगी, पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कर्ज वसूली के नाम पर किसी तरह की अवैध वसूली या प्रताड़ना तो नहीं की गई। रातीबड़ थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है और जांच के बाद जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Author

  • इसरत फातिमा 7 वर्षों के अनुभव वाली एक पेशेवर पत्रकार और कंटेंट राइटर हैं। वह राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय समाचार, राजनीति, व्यवसाय, शेयर बाजार, क्रिप्टोकरेंसी, प्रौद्योगिकी, शिक्षा, स्वास्थ्य, मनोरंजन और सरकारी योजनाओं सहित विभिन्न विषयों पर शोध-आधारित लेख लिखती हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय जानकारी सरल भाषा में पहुँचाना है।

📢 Sponsored
Property Advertisement