देहरादून: NEET की तैयारी कर रही होनहार छात्रा रिया ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में लिखा- ‘मैं बोझ हूं’

देहरादून में 24 वर्षीय NEET परीक्षा अभ्यर्थी रिया मल्ल ने अपने कमरे में पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। उन्होंने एक भावनात्मक सुसाइड नोट छोड़ा, जिसमें माता-पिता से माफी मांगी और खुद को बोझ बताया। रिया ने 12वीं में 97.6% अंक हासिल किए थे और आगामी री-नीट परीक्षा की तैयारी कर रही थीं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

सुसाइड नोट में लिखा- ‘आई लव यू मम्मी-पापा’

पुलिस ने घटनास्थल से सुसाइड नोट बरामद किया है। इस नोट में उसने अपने माता-पिता के लिए बेहद दर्दभरा संदेश छोड़ा। रिया ने लिखा, “आई लव यू मम्मी-पापा… मैं अपनी मौत की खुद जिम्मेदार हूं। मुझे माफ कर देना, मैं आप पर बोझ हूं।” यह नोट पढ़कर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

कारगिल युद्ध में रह चुके हैं पिता, कांग्रेस से हैं जुड़े

रिया के पिता राजेश मल्ल कारगिल युद्ध में अपनी सेवाएं दे चुके हैं और वर्तमान में देहरादून कांग्रेस से जुड़े हुए हैं। मां एक गृहणी हैं। रिया अपने माता-पिता की सबसे बड़ी संतान थी और परिवार को उससे बहुत उम्मीदें थीं। इस दुखद घटना पर कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने भी सोशल मीडिया पर शोक जताया है।

12वीं में 97.6% अंक, री-नीट की कर रही थी तैयारी

परिजनों के अनुसार, रिया बचपन से ही पढ़ाई में बेहद तेज थी। उसने 12वीं की परीक्षा में 97.6 प्रतिशत अंक हासिल किए थे और उसका सपना डॉक्टर बनने का था। वह पिछले कई दिनों से आगामी 21 जून को होने वाली री-नीट (Re-NEET) परीक्षा की तैयारी में दिन-रात जुटी हुई थी। अक्सर देर रात तक पढ़ाई करती थी। री-नीट से ठीक पहले उसकी मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

परिवार संग खाना खाने के बाद कमरे में गई थी

परिवार ने पुलिस को बताया कि सोमवार रात वे एक जागरण कार्यक्रम से लौटे थे। रिया भी सबके साथ थी और सामान्य दिख रही थी। घर आकर सभी ने साथ में रात का खाना खाया, जिसके बाद रिया पढ़ने के लिए अपने कमरे में चली गई। अगली सुबह जब काफी देर तक वह बाहर नहीं आई, तो परिजनों ने दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई हलचल न होने पर पिता ने दरवाजा तोड़ा तो रिया फंदे से लटकी हुई थी। परिवार में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस मामले के सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

सावधानी: यदि आप या आपका कोई परिचित अवसाद, तनाव, चिंता या आत्महत्या के विचारों से जूझ रहा है, तो कृपया इसे एक गंभीर चिकित्सीय स्थिति मानें और तुरंत सहायता लें। मानसिक स्वास्थ्य समस्या कोई शर्म की बात नहीं है, इसका इलाज संभव है। आप नीचे दिए गए निःशुल्क और गोपनीय हेल्पलाइन नंबर पर 24×7 संपर्क कर सकते हैं: 18002333330

Author