जेल से रिहा होते ही रौशन आनंद ने खान सर पर लगाए गंभीर आरोप, भाई की हत्या की बात कही

पटना के ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद जेल से रिहा हो गए हैं। बाहर आते ही उन्होंने खान सर पर साजिश के तहत उन्हें फंसाने और अपने भाई प्रिंस यादव की हत्या कराने के आरोप लगाए हैं। रौशन ने निष्पक्ष जांच की मांग की है।

रौशन आनंद ने क्या कहा?

रौशन आनंद ने आरोप लगाया कि 2 जून को हुई फायरिंग की घटना खान सर की तरफ से कराई गई थी। उन्होंने कहा, “एक बयान के कारण मुझे साजिश के तहत फंसाया गया। मेरे भाई की साजिश के तहत हत्या कराई गई।” रौशन ने फैजल खान पर झूठ बोलने का भी आरोप लगाते हुए पूरे मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

प्रिंस यादव की मौत को लेकर क्या है विवाद?

बता दें कि रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। प्रिंस यादव खान सर कोचिंग विवाद मामले में नामजद आरोपी थे और फरार चल रहे थे। नेपाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है, हालांकि मौत के कारणों का अब तक आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है। वहीं, खान सर ने प्रिंस यादव की मौत पर दुख जताते हुए कहा था कि किसी भी व्यक्ति की मौत दुखद है और मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

तेज प्रताप यादव ने भी खान सर पर साधा था निशाना

राजद नेता तेज प्रताप यादव ने भी इस मामले में खान सर पर निशाना साधा था। उन्होंने दावा किया था कि प्रिंस यादव की मौत के पीछे साजिश है और जिस पक्ष से विवाद चल रहा था, उसी पर संदेह होना स्वाभाविक है। तेज प्रताप ने रौशन आनंद को भाई के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पैरोल देने की भी मांग की थी।

क्या था पूरा मामला?

गौरतलब है कि 2 जून को पटना में खान ग्लोबल स्टडीज और ज्ञान बिंदु कोचिंग से जुड़े लोगों के बीच विवाद के बाद फायरिंग, तोड़फोड़ और मारपीट का मामला सामने आया था। इस मामले में रौशन आनंद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था, जबकि खान सर को अदालत से गिरफ्तारी पर अंतरिम राहत मिल गई थी। अब रौशन आनंद को 12 दिन बाद जमानत मिली है।

Author