बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में पिछले 24 घंटों के भीतर अपराधियों ने तीन अलग-अलग वारदातों को अंजाम दिया है। इनमें चेन छिनतई, मोबाइल लूट और आभूषण व्यवसायी से लाखों के जेवरात की लूट के मामले शामिल हैं। पुलिस ने सभी मामलों में जांच शुरू कर दी है।

कलमबाग चौक पर कुल्फी खा रही महिला बनी निशाना
पहली घटना काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के कलमबाग चौक की है। रविवार रात करीब साढ़े 10 बजे बाइक सवार दो बदमाशों ने कुल्फी खा रही एक महिला के गले से सोने की चेन छीन ली। महिला के शोर मचाने तक अपराधी तेज रफ्तार में फरार हो चुके थे। पीड़िता की पहचान खबड़ा इलाके की इशा चंद्राकर के रूप में हुई है। घटना के बाद वह बदहवास स्थिति में मिलीं। पीड़िता ने कहा कि वह यह शाम और कुल्फी जिंदगी भर नहीं भूल पाएंगी।
सूचना मिलने पर काजीमोहम्मदपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। स्थानीय लोगों ने इस घटना पर आक्रोश जताते हुए कहा कि अपराधी बेखौफ हो गए हैं।
बेला रोड पर राहगीर से मोबाइल लूट
दूसरी वारदात बेला रोड के बियाडा मोड़ के पास हुई। रविवार रात घर लौट रहे सतीश रंजन नामक व्यक्ति को दो बाइक सवार बदमाशों ने निशाना बनाया। अपराधियों ने उनके हाथ से मोबाइल फोन छीन लिया और फरार हो गए। पीड़ित ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
कांटी में आभूषण व्यवसायी से तीन लाख की कोशिश नाकाम
इन दोनों घटनाओं के अलावा कांटी के पानापुर करियात थाना क्षेत्र में शनिवार देर शाम एक और प्रयास हुआ। हरिदासपुर पैक्स गोदाम के पास आभूषण व्यवसायी धीरज कुमार से करीब तीन लाख रुपये के जेवरात लूटने की कोशिश की गई। पीड़ित ने बताया कि बदमाश उनकी बाइक की डिक्की में रखा जेवरात से भरा झोला लूट ले गए। हालांकि, उन्होंने सूझबूझ दिखाते हुए बाइक के हैंडल में टंगा दूसरा झोला अंधेरे में नीचे फेंक दिया, जिससे लाखों रुपये के आभूषण बच गए।
पुलिस की जांच जारी
रविवार को पीड़ित दुकानदार ने थाने में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। तीनों मामलों में पुलिस सीसीटीवी फुटेज, डीवीआर और मोबाइल सीडीआर के आधार पर जांच कर रही है। मुखबिरों के नेटवर्क को भी सक्रिय किया गया है एसडीपीओ पश्चिमी-1 सुचित्रा कुमारी ने बताया कि पुलिस की टीमें सही दिशा में काम कर रही हैं और जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल कांटी लूट मामले में 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी कोई ठोस सफलता नहीं मिली है।