अमेरिका-ईरान के बीच शांति समझौते का मसौदा तैयार, अगले कुछ घंटों में हो सकता है ऐलान

अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे युद्ध को समाप्त करने के लिए एक ऐतिहासिक शांति समझौते का अंतिम मसौदा तैयार कर लिया गया है। अल अरबिया के अनुसार, इस समझौते की आधिकारिक घोषणा अगले कुछ घंटों में की जा सकती है। पाकिस्तान की मध्यस्थता के बाद यह संभव हो पाया है।

“प्रतिनिधिक तस्वीर”

पिछले कई महीनों से पश्चिम एशिया में जारी अमेरिका-ईरान संघर्ष अब समाप्त होने के कगार पर है। अल अरबिया की रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान के बीच-बचाव के बाद दोनों देशों के बीच समझौते का फाइनल ड्राफ्ट पूरी तरह तैयार हो चुका है। इससे पहले अमेरिका के विदेश मंत्री ने संकेत दिए थे कि ईरान की ओर से सकारात्मक संकेत मिले हैं।

पाकिस्तान ने निभाई अहम भूमिका

अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर तो पहले से था, लेकिन स्थायी शांति वार्ता पर सहमति नहीं बन पा रही थी। इसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति के चीन दौरे से लौटने के बाद पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी अमेरिका की शर्तों का प्रस्ताव लेकर तेहरान पहुंचे। इस बार वार्ता में शुरू से ही अमेरिका सकारात्मक नजर आया।

समझौते की 10 प्रमुख शर्तें

अल अरबिया को मिले खुफिया दस्तावेजों के अनुसार, इस समझौते में 10 प्रमुख शर्तें शामिल हैं:

पहली शर्त के तहत जमीन, समुद्र और आसमान हर मोर्चे पर तत्काल युद्धविराम लागू होगा। दूसरी शर्त में दोनों देश एक-दूसरे के सैन्य ठिकानों, तेल रिफाइनरियों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना नहीं बनाएंगे। तीसरी शर्त के अनुसार मीडिया और सोशल मीडिया पर प्रचार युद्ध तुरंत रोका जाएगा। चौथी शर्त के तहत दोनों देश एक-दूसरे की संप्रभुता और आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप नहीं करने का सम्मान करेंगे। पांचवीं शर्त में अरब की खाड़ी, होर्मुज जलडमरूमध्य और ओमान की खाड़ी में जहाजों की आवाजाही पूरी तरह स्वतंत्र होगी।

आगे की प्रक्रिया और प्रतिबंधों में राहत

छठी शर्त के अनुसार, भविष्य में किसी भी विवाद को सुलझाने के लिए एक संयुक्त निगरानी तंत्र बनाया जाएगा। सातवीं शर्त में समझौता लागू होने के सात दिनों के भीतर शेष मुद्दों पर बातचीत शुरू करने का प्रावधान है। आठवीं शर्त सबसे अहम है – ईरान जैसे-जैसे शर्तों का पालन करेगा, अमेरिका उस पर लगे आर्थिक प्रतिबंध धीरे-धीरे हटाएगा। नौवीं शर्त के तहत यह समझौता अंतरराष्ट्रीय कानूनों और संयुक्त राष्ट्र चार्टर के तहत काम करेगा। दसवीं शर्त के अनुसार, आधिकारिक घोषणा के साथ ही यह समझौता तत्काल प्रभाव से लागू माना जाएगा।

Author